सूरत : लायंस क्लब की जागरूकता से लोक दृष्टि आई बैंक को मिला नेत्रदान

स्व. छोटालाल मकवाणा की अंतिम इच्छा हुई पूर्ण, लायंस क्लब ऑफ उदवाड़ा व सूरत ईस्ट की भूमिका सराहनीय

सूरत : लायंस क्लब की जागरूकता से लोक दृष्टि आई बैंक को मिला नेत्रदान

लायंस क्लब ऑफ उदवाड़ा एवं लायंस क्लब ऑफ सूरत ईस्ट द्वारा निरंतर की जा रही जन-जागरूकता के सकारात्मक परिणामस्वरूप लोक दृष्टि आई बैंक को एक और नेत्रदान प्राप्त हुआ। सूरत के ओलपाड स्थित निवास स्थान पर लायन पूनम खिलोसिया के पूज्य पिताश्री स्व. छोटालाल मकवाणा का हाल ही में निधन हो गया। स्व. मकवाणा की यह प्रबल इच्छा थी कि उनके निधन के पश्चात उनके नेत्रदान किए जाएँ।

इस पुण्य कार्य को संपन्न कराने हेतु लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 3232F2 के पूर्व रीजन चेयरमैन लायन कीर्ति खिलोसिया ने डिस्ट्रिक्ट के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन हेमल पटेल से संपर्क कर नेत्रदान प्रक्रिया के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके पश्चात लायंस क्लब ऑफ सूरत ईस्ट के अध्यक्ष लायन किशोर मांगरोलिया के सहयोग से लोक दृष्टि आई बैंक में सफलतापूर्वक नेत्रदान कराया गया।

नेत्रदान ग्रहण करने की सेवा लायन डॉ. प्रफुल्ल शिरोया, लायन दिनेश पटेल एवं जीतू किहला द्वारा प्रदान की गई। इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ उदवाड़ा एवं लायंस क्लब ऑफ सूरत ईस्ट के लायन साथियों ने नेत्रदाता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके इस मानवीय योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Tags: Surat