सूरत : सरसाना में ‘एनर्जी-पावर-इलेक्ट्रिकल एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ
गुजरात के उद्योगपतियों को पूरे देश के विकास में निभानी होगी भूमिका: बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान
सूरत। सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘एनर्जी-पावर-इलेक्ट्रिकल एक्सपो 2026’ (EPE) का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। एक्सपो का उद्घाटन बिहार के माननीय राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद खान ने किया।
उद्घाटन समारोह में के.पी. ग्रुप के डायरेक्टर अफान फारूक पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैंबर के पदाधिकारियों ने की।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद खान ने कहा कि गुजरात के उद्योगपतियों की ज़िम्मेदारी केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के विकास में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने उद्योगपतियों से देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर बिहार में निवेश करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार उद्योग एवं निवेश के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के उद्यमियों की पहचान उनकी नवाचार क्षमता और समस्या को अवसर में बदलने की सोच से होती है। यही कारण है कि वे व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि GST सुधारों और श्रम कानूनों में बदलाव के चलते भारत की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है। ‘मदर ऑफ ऑल ट्रेड’ के रूप में भारत के लिए यूरोप सहित पूरी दुनिया में नए औद्योगिक अवसर बन रहे हैं। आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ने से ऊर्जा की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व के लिए विश्वसनीय और पर्याप्त ऊर्जा उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि देश के पांच राज्यों में नई सेमीकंडक्टर फैक्ट्रियां स्थापित हो रही हैं, जिनमें से एक गुजरात में भी प्रस्तावित है। बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक विकास और तकनीकी प्रगति के कारण भविष्य में सोलर, न्यूक्लियर और ग्रीन एनर्जी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि यह एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एनर्जी, पावर और इलेक्ट्रिकल सेक्टर में एडवांस टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और सस्टेनेबल समाधानों का सशक्त मंच है। ‘Powering the Future – Today’ थीम के तहत यह एक्सपो ग्रीन एनर्जी, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को मजबूती देगा।
एक्सपो के चेयरमैन भावेश टेलर ने बताया कि इस प्रदर्शनी में सूरत, अहमदाबाद, राजकोट, गांधीनगर, पुणे, मुंबई और गाजियाबाद से कुल 60 एग्ज़िबिटर्स भाग ले रहे हैं, जिनमें 65 प्रतिशत मैन्युफैक्चरर्स और 35 प्रतिशत ट्रेडर्स व डिस्ट्रीब्यूटर्स शामिल हैं। एक्सपो में रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट, सपोर्टिंग सर्विसेज़, सस्टेनेबिलिटी और ग्रीन टेक से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
समारोह के अंत में चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने राज्यपाल सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन चैंबर के ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी ने किया। इस अवसर पर चैंबर के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, उद्यमी, एग्ज़िबिटर्स और बड़ी संख्या में विज़िटर्स उपस्थित रहे।
