सूरत : एनटीपीसी झनोर की सीएसआर पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर रोशनी, विकास को नई गति

सिन्धोत और अंगारेश्वर गांवों में सोलर हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण, सुरक्षा और सतत विकास को मिला बढ़ावा

सूरत : एनटीपीसी झनोर की सीएसआर पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर रोशनी, विकास को नई गति

एनटीपीसी झनोर द्वारा अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए 06 जनवरी 2026 को सिन्धोत एवं अंगारेश्वर गांवों में सोलर हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण किया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे रात्रि के समय सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान दिनेश कुमार सिंह रौतेला, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी झनोर) ने अंगारेश्वर गांव में सकू बेन वसावा, सरपंच एवं महेशभाई परमार, डिप्टी सरपंच को सोलर हाई मास्ट लाइट औपचारिक रूप से सौंपी। वहीं, सिन्धोत गांव में श्रीमती पीनल बेन पाडियार, डिप्टी सरपंच को विधिवत रूप से सोलर हाई मास्ट लाइट का हस्तांतरण किया गया।

गांववासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे गांव के समग्र विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा जीवन-स्तर में सुधार की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि सोलर लाइट की स्थापना से न केवल अंधेरे की समस्या दूर होगी, बल्कि रात्रिकालीन गतिविधियों में भी सुविधा और सुरक्षा बढ़ेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व एनटीपीसी झनोर द्वारा धर्मशाला, उपराली, नांद एवं भारथाना गांवों में भी सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापित की जा चुकी हैं। आगामी चरण में डभाली, शाहपुरा, सामलोद एवं झनोर गांवों में भी सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना है, जिससे क्षेत्र के अधिकाधिक गांव सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।

इस अवसर पर श्रीमती विजया लक्ष्मी मुरलीधरन, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), धीरेन्द्र पाल जजोरिया, उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस) सहित एनटीपीसी झनोर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Tags: Surat