मारुति ने जनवरी में रिकॉर्ड 2.37 लाख वाहन बेचे
नयी दिल्ली, 02 फरवरी (वेब वार्ता)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया ने जनवरी में मासिक बिक्री का रिकॉर्ड बनाते हुए घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में 2,36,963 वाहन बेचे जो जनवरी 2025 के मुकाबले 11.64 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की उसकी बिक्री 1,74,529 इकाई रही जो 0.54 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
यात्री वाहनों में कारें, उपयोगी वाहन और वैन आते हैं। इसके अलावा, हल्के वाणिज्यिक वाहन सुपर कैरी की बिक्री एक साल पहले के 4,089 से घटकर 3,771 इकाई रह गयी। दूसरी कंपनी के वाहनों की बिक्री 7,643 इकाई रही। इस प्रकार घरेलू बाजार में उसकी कुल बिक्री 1,85,943 इकाई रही जो 0.4 प्रतिशत की मामूली वृद्धि है।
निर्यात के मामले में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा। उसने जनवरी में 51,020 वाहनों का निर्यात किया जबकि पिछले साल जनवरी में यह आंकड़ा 27,100 इकाई पर रहा था। टाटा मोटर्स पैसेंजनर व्हीकल्स के यात्री वाहनों की कुल बिक्री जनवरी 47.1 प्रतिशत बढ़कर 71,066 इकाई पर पहुंच गयी।
इसमें घरेलू बाजार में उसने 70,222 वाहन बेचे जो 46.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उसका निर्यात 251.7 प्रतिशत बढ़कर 844 इकाई रहा। महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल वाहन बिक्री जनवरी में 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,04,309 इकाई पर रही।
इसमें यात्री वाहनों की बिक्री 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 63,510 इकाई पर और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 22 प्रतिशत बढ़कर 27,656 इकाई पर रही। उसका निर्यात पांच प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,577 इकाई पर पहुंच गया।
