सूरत : पालनपुर पाटिया में तीन दिवसीय ‘पूज्य साधनी माता वर्षी उत्सव’ श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न
अखंड पाठ साहिब, सत्संग-कीर्तन और विशाल लंगर का आयोजन, पोरबंदर के भगत मूलनशाह व भारती माता की रही विशेष उपस्थिति
सूरत। भक्ति, सेवा और साधना के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रसिद्ध पालनपुर पाटिया स्थित जय साधनी माता मंदिर में वार्षिक तीन दिवसीय ‘पूज्य साधनी माता वर्षी उत्सव’ श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर पोरबंदर के भगत श्री डंडूराम के सुपुत्र भगत मूलनशाह तथा भारती माता की विशेष उपस्थिति रही, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
आयोजक हरेश लालवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे संत-महात्माओं द्वारा गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ, सत्संग और कीर्तन का आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
उत्सव के पहले दिन शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे पूज्य गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ हुआ। शाम को निखिल लालवानी द्वारा विशेष सत्संग-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। दूसरे दिन शनिवार, 31 जनवरी को प्रातः ‘आशा दीवार’ का गायन हुआ, जबकि शाम को भावनगर से पधारे भाई जगजीवन सिंह (तुलसी दास) ने भावपूर्ण सत्संग-कीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समापन दिवस रविवार, 1 फरवरी 2026 को सुबह अखंड पाठ साहिब का भोग संपन्न हुआ। इसके बाद राजकोट से भगत श्री उत्तमभाई एवं राजा वनवाणी द्वारा ‘रंगरंग भगत’ सांस्कृतिक सत्संग प्रस्तुत किया गया। दोपहर में विशाल लंगर (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
यह संपूर्ण कार्यक्रम वर्षा सोसायटी, पालनपुर पाटिया, रांदेर रोड स्थित बंगला नंबर A-29 में आयोजित किया गया। आयोजन जय साधनी माता सेवा समिति एवं लालवानी परिवार (किशनचंद चोइथराम लालवानी) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों, भक्तों और उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर दर्शन का लाभ लिया और सेवा कार्यों में योगदान देकर उत्सव को सफल बनाया।
