सूरत : गारमेंट व्यापारी हुए संगठित, धोखाधड़ी पर रोक लगाने को लेकर बढ़ाई सतर्कता

गारमेंट व्यापार संगठन सूरत का स्नेह मिलन समारोह संपन्न, नए पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार

सूरत : गारमेंट व्यापारी हुए संगठित, धोखाधड़ी पर रोक लगाने को लेकर बढ़ाई सतर्कता

सूरत शहर के परवत पाटिया स्थित साकेत मार्केट में रविवार को गारमेंट व्यापारियों का स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें व्यापार से जुड़ी समस्याओं, धोखाधड़ी के मामलों और आवश्यक सतर्कता पर विस्तृत चर्चा की गई। गारमेंट व्यापार संगठन सूरत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में गारमेंट व्यापारी शामिल हुए।

समारोह के दौरान संगठन के नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया। नवनियुक्त अध्यक्ष कैलाश वडेरा ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों के हित में तीन वर्ष पूर्व स्थापित इस संगठन का मुख्य उद्देश्य सुचारू व्यापार में सहयोग करना और चीटिंग करने वाले व्यापारियों का पर्दाफाश करना है, ताकि व्यापार में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो।

संगठन के पूर्व अध्यक्ष दिनेश संखलेचा ने व्यापारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा ईमानदारी से व्यापार करने की अपील की। वहीं, समारोह के अध्यक्ष कैलाश हकीम ने कहा कि “संगठन ही शक्ति है”। उन्होंने व्यापारियों को भुगतान के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी और कहा कि किसी भी व्यापारी से व्यापार करने से पहले उसका पूरा डेटा और पृष्ठभूमि जान लेना आवश्यक है, जिससे भुगतान डूबने की आशंका कम हो सके।

गारमेंट व्यापार संगठन सूरत (GVSS) की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष कैलाश वडेरा, उपाध्यक्ष हितेश बोगावाला एवं पिंटू सुधा, सचिव मुकेश गांधी, कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल सहित कुल 33 पदाधिकारियों का समावेश शामिल है।

इस अवसर पर निर्मल जैन, पूणा पुलिस इंस्पेक्टर जाडेजा, खटोदरा पुलिस इंस्पेक्टर रबारी, पार्षद दिनेश राजपुरोहित सहित कपड़ा बाजार से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यापारियों ने आपसी सहयोग और सतर्कता के माध्यम से व्यापार को सुरक्षित और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Tags: Surat