सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा ने ₹10,000 करोड़ के ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी किए

7.10% ब्याज दर पर जुटाई राशि, घरेलू ग्रीन बॉन्ड बाजार में ऐसा कदम उठाने वाला भारत का पहला बैंक

सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा ने ₹10,000 करोड़ के ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी किए

सूरत। बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने घरेलू बाजार में सीरीज-I लॉन्ग-टर्म ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी कर ₹10,000 करोड़ सफलतापूर्वक जुटाए हैं। इसके साथ ही बैंक घरेलू स्तर पर ग्रीन बॉन्ड जारी करने वाला भारत का पहला बैंक बन गया है। यह पहल बैंक की ग्रीन फाइनेंस और पर्यावरण-अनुकूल विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बैंक द्वारा जारी किए गए इस बॉन्ड इश्यू को निवेशकों से भारी प्रतिक्रिया मिली। ₹5,000 करोड़ के बेस इश्यू के मुकाबले कुल ₹16,415 करोड़ की बोलियां प्राप्त हुईं, जो लगभग तीन गुना अधिक हैं।

सात साल की अवधि वाले इन बॉन्ड्स को एनएसई के ईबीपी प्लेटफॉर्म पर ₹5,000 करोड़ के बेस इश्यू और ₹5,000 करोड़ के ग्रीन शू ऑप्शन के साथ सूचीबद्ध किया गया था।

मौजूदा बाजार अस्थिरता के बावजूद बैंक ने 7.10 प्रतिशत का प्रतिस्पर्धी कट-ऑफ कूपन हासिल किया, जो निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी करना बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भारत के घरेलू ईएसजी बॉन्ड बाजार के लिए भी यह एक निर्णायक क्षण है।

उन्होंने कहा कि निवेशकों की मजबूत मांग और आकर्षक मूल्य निर्धारण से बैंक पर उनका भरोसा झलकता है तथा यह बैंक की व्यापक ईएसजी यात्रा और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस फंड का उपयोग भारत की इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा, जिससे स्वच्छ, हरित और टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा।

ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड से प्राप्त राशि को बैंक के ग्रीन फाइनेंसिंग फ्रेमवर्क और नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार पात्र ग्रीन प्रोजेक्ट्स में निवेश किया जाएगा। इसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण के अनुकूल बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट्स को दीर्घकालिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

इन बॉन्ड्स को केयर रेटिंग्स और आईसीआरए द्वारा स्थिर दृष्टिकोण के साथ ‘AAA’ रेटिंग दी गई है, जो उनकी उच्च विश्वसनीयता और सुरक्षा को दर्शाती है।