सूरत : एसएमए की समाधान मीटिंग में व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन

पुलिस प्रशासन ने दिया सहयोग का भरोसा, 9 महीनों में 13.50 करोड़ रुपये का समाधान, यूनियन बजट 2026 पर चर्चा, छोटे व्यापारियों को नहीं दिखा सीधा लाभ

सूरत : एसएमए की समाधान मीटिंग में व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन

सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन की 212वीं समाधान मीटिंग का आयोजन महेश्वरी भवन समिति, चौथा फ्लोर बैंक्विट हॉल में किया गया। इस बैठक में सूरत के 135 व्यापारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। मीटिंग के दौरान कुल 45 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को पंच पैनल को सौंप दिया गया, जिनका नियत समय पर निराकरण किया जाएगा।

मीटिंग का मुख्य आकर्षण उन व्यापारियों की समस्याएं रहीं, जो चीटिंग या आर्थिक धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन के प्रयासों से पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सहायता के लिए आगे आया। इस अवसर पर सलाबातपुरा पुलिस स्टेशन के पुलिस सब-इंस्पेक्टर चौहान एवं राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों और आम जनता के साथ पूरी तरह खड़ा है और किसी भी प्रकार की नाइंसाफी होने पर न्याय दिलाने के लिए तत्पर रहेगा। साथ ही, पुलिस विभाग की ओर से व्यापारियों को सावधानीपूर्वक व्यापार करने की सलाह दी गई। इसमें भरोसेमंद व्यापारियों से रेफरेंस लेने, जिनको माल बेचा जाता है उनके सरकारी मान्य दस्तावेज रखने तथा सभी लेन-देन को व्हाइट और जीएसटी पेड रखने पर जोर दिया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। 

D01022026-5

मीटिंग में सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन की लीगल कमेटी की हेड श्रीमती रीना सोलंकी ने भी व्यापारियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार सतर्क रहकर व्यापार किया जाए ताकि धोखाधड़ी से बचा जा सके। इस अवसर पर एसोसिएशन ने अपनी तिमाही कार्यशैली के आंकड़े भी प्रस्तुत किए। जानकारी दी गई कि पिछले 9 महीनों में संगठन को 1050 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 495 मामलों का पंच पैनल की मदद से समाधान किया गया और लगभग 13 करोड़ 50 लाख रुपये की बड़ी राशि व्यापारियों को दिलवाई गई।

मीटिंग के मुख्य अतिथि नीलेशभाई मांडलेवाला रहे, जिनका पद्मश्री अवॉर्ड 2026 के लिए चयन हुआ है। उन्हें अंगदान के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा, जो सूरत शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब तक 1360 लोगों का अंगदान करवाया जा चुका है, जिससे 1250 से अधिक लोगों को नया जीवन मिला है।

कार्यक्रम की विशेष अतिथि डॉ. आशा मंत्री, सूरत की जानी-मानी होम्योपैथिक चिकित्सक रहीं। उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किन-किन रोगों में यह उपचार अत्यंत प्रभावी है। उपस्थित सभी भाई-बहनों ने इस जानकारी का लाभ लिया।

Tags: Surat