सूरत : सब रजिस्ट्रार मिहिर पटेल की UPSC में सफलता, 5वीं कोशिश में AIR 709 हासिल किया

पांच वर्षों का संघर्ष और आखिरकार सफलता, सफलता का मंत्र: सकारात्मक सोच और अच्छे दोस्त

सूरत : सब रजिस्ट्रार मिहिर पटेल की UPSC में सफलता, 5वीं कोशिश में AIR 709 हासिल किया

सूरत। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा घोषित सिविल सर्विसेज़ परीक्षा-2025 के फाइनल रिजल्ट में सूरत के सब रजिस्ट्रार ऑफिस उधना में कार्यरत 26 वर्षीय मिहिर राजेंद्रभाई पटेल ने पूरे देश में 709वीं रैंक (AIR 709) हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है।

उनकी इस उपलब्धि से सूरत सहित उनके मूल जिले नवसारी में खुशी का माहौल है। सरकारी नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल कर मिहिर ने युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

मूल रूप से नवसारी जिले के गंडेवी तालुका के नंदरखा गांव के रहने वाले मिहिर पटेल का यह सफर आसान नहीं रहा। वर्ष 2020 में आईटी इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज़ में जाने का निर्णय लिया। पिछले कई वर्षों से वे लगातार इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।

इस दौरान उन्हें एक बार असफलता का सामना करना पड़ा और तीन बार प्रीलिम्स पास करने के बावजूद अंतिम सफलता नहीं मिल सकी। बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार अपनी पाँचवीं कोशिश में सफलता हासिल कर ली।

मिहिर की सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान रहा है। उनकी माता एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि उनके दिवंगत पिता राजेंद्रभाई पटेल का सपना था कि उनका बेटा बड़ा सरकारी अधिकारी बने। मिहिर ने बताया कि बचपन से ही उनके पिता उन्हें अखबार पढ़ने के लिए प्रेरित करते थे।

अखबारों में कलेक्टर और कमिश्नर से जुड़े लेख पढ़कर उन्हें प्रेरणा मिलती थी। पिता के निधन के बाद भी उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और मेहनत जारी रखी। आज उनकी सफलता पर उनकी मां और बड़ी बहन को गर्व है।

 ग्रेजुएशन के बाद मिहिर ने अहमदाबाद स्थित सरदार पटेल इंस्टीट्युट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (एसपीआईपीए) में प्रवेश लिया, जहां से उन्हें सिविल सर्विसेज़ की तैयारी के लिए सही मार्गदर्शन और माहौल मिला।

मिहिर के अनुसार युपीएससी जैसी परीक्षा में सफलता के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अनुशासन और नियमित तैयारी भी बेहद जरूरी होती है। उन्होंने अपनी पढ़ाई को दैनिक, साप्ताहिक और मासिक लक्ष्यों में बांटकर तैयारी की। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ समय निकालकर पढ़ाई जारी रखी।

मिहिर पटेल का मानना है कि UPSC जैसे लंबे और कठिन प्रक्रिया वाले एग्जाम में मानसिक मजबूती बेहद जरूरी होती है। उनके अनुसार अनुशासन से की गई तैयारी आपको लगातार आगे बढ़ाती है, जबकि सकारात्मक सोच कठिन समय में संभालती है।

उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे दोस्तों का साथ बहुत महत्वपूर्ण होता है। अगर आसपास प्रेरणा देने वाले लोग हों तो मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।

भविष्य में युपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मिहिर पटेल का संदेश है कि उन्हें परिणाम पर नहीं, बल्कि मेहनत पर ध्यान देना चाहिए।

लगातार खुद को परखते रहना, गलतियों को सुधारना और सही दिशा में प्रयास करना ही सफलता की कुंजी है। यदि कोई उम्मीदवार परिणाम की चिंता किए बिना ईमानदारी से मेहनत करता है तो देर-सवेर सफलता जरूर मिलती है।

मिहिर पटेल की इस उपलब्धि पर सूरत के बहुमाली भवन में खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर असिस्टेंट रजिस्ट्रेशन सर इंस्पेक्टर डॉ. दिव्येश पटेल, हेड क्वार्टर सब रजिस्ट्रार अजितसिंह राठोड और सब रजिस्ट्रार अंजणाबेन मोंगलपरा सहित रजिस्ट्रेशन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी।

विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि जब किसी साथी को देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में स्थान मिलता है तो पूरे विभाग को गर्व महसूस होता है।

Tags: Surat UPSC