सूरत : मारवाड़ी युवा मंच, सूरत शाखा को सामाजिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
बैंगलोर में आयोजित 45वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर की शाखाओं की सहभागिता, सूरत शाखा को मिला वार्षिक पुरस्कार
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का 45वां राष्ट्रीय अधिवेशन बैंगलोर में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से मंच के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंकज बागड़िया, महामंत्री मोहित नाहटा और कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुआ।
अधिवेशन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, समर्पण और सशक्त युवा शक्ति का प्रतीक है। इस महत्वपूर्ण बैठक में मंच की नीतियों, भावी योजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और शाखा विस्तार पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
इसी क्रम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मारवाड़ी युवा मंच, सूरत शाखा को उसके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए वार्षिक पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर सूरत शाखा के अध्यक्ष गणेश अग्रवाल सहित प्रकाश बिंदल, राहुल बजाज, अमित केडिया, पंकज जालान सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सूरत शाखा की इस उपलब्धि पर मंच के पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
