सूरत : “वन नेशन– वन इलेक्शन” के समर्थन में सूरत के कपड़ा व्यापारियों की विशाल वाहन रैली व जनसभा 16 को
शुक्रवार को फोस्टा के नेतृत्व में हजारों व्यापारी होंगे शामिल, भाजपा राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ करेंगे संबोधन
देश में “वन नेशन– वन इलेक्शन” (एक राष्ट्र – एक चुनाव)” की अवधारणा के समर्थन में सूरत के समस्त कपड़ा व्यापारियों द्वारा एक विशाल वाहन रैली एवं जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को सूरत के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें शहर के विभिन्न कपड़ा बाजारों से जुड़े हजारों व्यापारी भाग लेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश में एक साथ चुनाव प्रणाली के लाभों के प्रति जनजागरण करना तथा राष्ट्रीय हित में इस महत्वपूर्ण पहल के समर्थन को मजबूत करना है। आयोजकों के अनुसार, विशाल वाहन रैली सायं 7:00 बजे लैंडमार्क मार्केट से प्रारंभ होकर पर्वत पाटिया, आईमाता चौक होते हुए माहेश्वरी लक्जुरिया (माहेश्वरी सेवा सदन) पर संपन्न होगी। इसके पश्चात सायं 8:00 बजे उसी स्थान पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
जनसभा में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ उपस्थित रहेंगे और व्यापारियों एवं नागरिकों को संबोधित करेंगे।
फोस्टा के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने बताया कि वन नेशन– वन इलेक्शन से देश में समय, धन एवं प्रशासनिक संसाधनों की बड़ी बचत होगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सूरत का कपड़ा व्यापारी वर्ग इस राष्ट्रीय पहल के समर्थन में एकजुट होकर अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थितजनों के लिए स्वरुचि भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
