सूरत : स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त का नोटिफिकेशन जारी

4 जनवरी को सूरत के 27 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

सूरत : स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त का नोटिफिकेशन जारी

गुजरात लोक सेवा आयोग (GPSC) द्वारा रविवार, 4 जनवरी 2026 को आयोजित की जा रही स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर क्लास-3 की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर सूरत शहर पुलिस आयुक्त अनुपमसिंह गहलोत ने एक अहम नोटिफिकेशन जारी किया है। यह परीक्षा सुबह 11.00 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक सूरत शहर के कुल 27 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल बना रहे, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर ने पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में स्थित 6 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में विशेष पाबंदियां लागू की हैं।

नोटिफिकेशन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के आसपास चार से अधिक लोगों के एकत्र होने, किसी भी प्रकार की सभा या जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही परीक्षा समय के दौरान ज़ेरॉक्स सेंटर संचालन, अनधिकृत वाहन पार्किंग तथा परीक्षा केंद्र भवन में परीक्षार्थियों और परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों (सरकारी प्रतिनिधियों को छोड़कर) द्वारा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कम्युनिकेशन डिवाइस या किसी भी प्रकार के सिस्टम को ले जाने या रखने पर रोक लगाई गई है।

यह आदेश परीक्षा ड्यूटी में लगे सरकारी कर्मचारी अथवा अन्य शासकीय कार्य से जुड़े कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश 4 जनवरी 2026 को लागू रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags: Surat