सूरत : साकेत ग्रुप के “नेशन फर्स्ट – राष्ट्र सर्वोपरि” व्याख्यान में सुधांशु त्रिवेदी का ओजस्वी संबोधन
भारत पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर, नया युग आत्मविश्वास और साहस का है : सुधांशु त्रिवेदी
सूरत में साकेत ग्रुप द्वारा “नेशन फर्स्ट – राष्ट्र सर्वोपरि” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के सांवरप्रसाद बुधिया ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात विक्रम सिंह शेखावत ने साकेत ग्रुप की सामाजिक गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े उद्देश्यों की जानकारी दी। धीरू सवाणी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। मंच संचालन डॉ. वीरेंद्र राजावत द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
अपने ओजस्वी और प्रेरणादायक संबोधन में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, साहस और शौर्य के साथ एक नए युग में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि वह समय अब समाप्त हो चुका है जब भारत अन्याय, आक्रमण या भेदभाव को मौन होकर सहन करता था। आज भारत में धैर्य के साथ-साथ निर्णायक क्षमता और साहस भी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का लक्ष्य दुनिया पर प्रभुत्व जमाना नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को प्रेरणा देना है। भारत आज सुपर पावर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और पुनः विश्व गुरु की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति का प्रभाव आज वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। योग, ध्यान, आयुर्वेद, तुलसी, ऑर्गेनिक फार्मिंग, शाकाहार और भारतीय जीवनशैली को विश्वभर में अपनाया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति की वैज्ञानिकता और सार्वभौमिकता का प्रमाण है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समय के परिवर्तन को समझें, साहस के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि नया युग आ चुका है और भारत माता की चेतना पुनः जागृत हो रही है।
यह कार्यक्रम शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को सायं 5 बजे माहेश्वरी लकरिया (माहेश्वरी सेवा सदन), डी.आर. वर्ल्ड के पास, आईमाता चौक, पर्वत पाटिया, सूरत में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के रामअवतार पारीक ने उपस्थितजनों के प्रश्न मुख्य वक्ता के समक्ष रखे, जिनके उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिए। आभार ज्ञापन डॉ. ममता भक्कड़ ने किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।
