वडोदरा में मोटापा रोकथाम के लिए योग कैंप सफलतापूर्वक संपन्न
गुजरात स्टेट योग बोर्ड के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में 150 प्रतिभागियों ने योग व डाइट से घटाया वजन
गुजरात स्टेट योग बोर्ड के मार्गदर्शन में वडोदरा शहर के वार्ड नंबर 4 स्थित कमला नगर गार्डन में मोटापा रोकथाम के उद्देश्य से विशेष योग कैंप का सफल आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन गुजरात स्टेट योग बोर्ड के चेयरमैन एवं योग सेवक शीशपाल सरजी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें करीब 150 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैंप में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने योग, डाइट कंट्रोल और एक्यूप्रेशर की मदद से मात्र एक महीने में 5 से 7 किलोग्राम तक वजन कम करने में सफलता प्राप्त की। कैंप के दौरान विशेषज्ञों ने योग के साथ-साथ संतुलित आहार, एक्यूप्रेशर तथा आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के माध्यम से मोटापा नियंत्रित करने की विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिभागियों के लिए विशेष डाइट प्लान तैयार किया गया था, जिसमें सलाद, ग्रीन सूप और रात के भोजन में केवल एक बार अनाज शामिल किया गया। योग विशेषज्ञों ने बताया कि कैंप में शामिल कई लोगों ने वजन कम होने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर और डायबिटीज में भी सकारात्मक बदलाव महसूस किए।
वजन घटाने के लिए ताड़ासन, पादवृतासन, सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन, चक्की आसन, बटरफ्लाई, भुजंगासन और धनुरासन जैसे योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्राणायाम में कपालभाति, भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और त्रिबंध का नियमित अभ्यास कराया गया।
इस कैंप की मुख्य निदेशक गुजरात स्टेट योग बोर्ड की योग कोच हेतलबेन दर्जी रहीं। योग ट्रेनर हितार्थीबेन दर्जी और गायत्रीबेन गांगेरा ने सह-निदेशक के रूप में तथा ऋषिकाबेन वंजारी ने समन्वयक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर योग कोच हेतलबेन दर्जी ने कहा कि शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों में अधिक खाने की आदत से बचना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि पहले सलाद, फल और सूप से आधा पेट भरें, उसके बाद मुख्य भोजन करें तथा तला-भुना कम खाएं, जिससे स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। ओबेसिटी-फ्री गुजरात अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कैंप शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।
