सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय में गीता महोत्सव–2025 के तहत ऑनलाइन परीक्षा का सफल आयोजन
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक दी बहुविकल्पीय परीक्षा, डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान
श्री कृष्णाराज विद्यालय, छत्रपति शिवाजी नगर (77–78), बमरोली रोड, पांडेसरा में रविवार 14 दिसंबर 2025 को गीता महोत्सव–2025 के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय, सूरत तथा अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ द्वारा संचालित इस्कॉन–वराछा के संयुक्त प्रकल्प के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के लिए कुल तीन चरणों में परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें द्वितीय चरण की बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी की ऑनलाइन परीक्षा संपन्न हुई। श्री कृष्णाराज विद्यालय के कक्षा 6 से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया और परीक्षा को सफलतापूर्वक पूरा किया।
परीक्षा 50 अंकों की थी तथा इसके लिए 50 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। परीक्षा के समापन पर सभी विद्यार्थियों को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। परीक्षा का परिणाम चार दिन बाद वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। विद्यार्थियों ने परीक्षा में उत्साह और अनुशासन के साथ भागीदारी की।
विद्यालय के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. राजेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के महत्व को विद्यार्थियों के जीवन में स्थापित करना, जीवन मूल्यों की समझ विकसित करना तथा सकारात्मक जीवन परिवर्तन की भावना को प्रोत्साहित करना है।
परीक्षा के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया और सभी को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
