सूरत : प्रोसेसिंग मिलों का बड़ा फैसला, हफ्ते में दो दिन यूनिट बंद रखने का ऐलान

कच्चे माल की कमी और बढ़ती लागत के चलते साउथ गुजरात टेक्सटाइल प्रोसेसर्स एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय

सूरत : प्रोसेसिंग मिलों का बड़ा फैसला, हफ्ते में दो दिन यूनिट बंद रखने का ऐलान

सूरत। सूरत के टेक्सटाइल उद्योग में मौजूदा हालात को देखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया गया है। सोमवार, 23 मार्च 2026 को शाम 4 बजे साउथ गुजरात टेक्सटाइल प्रोसेसर्स एसोसिएशन (एसजीटीपीए) की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न घटकों के 25 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, युद्ध जैसे हालात, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और कम सप्लाई पर विस्तार से चर्चा की गई। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रोसेसिंग और प्रिंटिंग मिलों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि आज से अगले आदेश तक सप्ताह में दो दिन यूनिट बंद रखी जाएंगी।

एसोसिएशन के प्रेसिडेंट जितेंद्र कुमार वखारिया ने बताया कि यह कदम इंडस्ट्री को आर्थिक दबाव से राहत देने और मांग-सप्लाई के बीच संतुलन बनाने के लिए उठाया गया है।

बैठक में पांडेसरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट कमलविजय तुलस्यान सहित कई उद्योग अग्रणी मौजूद रहे। इस दौरान प्रमोद चौधरी, विनय अग्रवाल, जे.पी. अग्रवाल, अनिल राठी और चंदन पालीवाल जैसे उद्योग नेताओं ने भी अपने विचार रखे और इस निर्णय का समर्थन किया।

उद्योग जगत का मानना है कि यह अस्थायी कदम लंबे समय में टेक्सटाइल सेक्टर को स्थिरता देने और बढ़ते खर्चों के दबाव को कम करने में मदद करेगा।