सूरत : "कविता के रंग, एकल मंच" विशाल कवि सम्मेलन 26 मार्च को, देश के नामी कवि करेंगे काव्य पाठ
एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट के 29वें वार्षिक उत्सव पर आयोजन, वनवासी उत्थान के लिए शहरी समाज को जागरूक करने का प्रयास
एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा “कविता के रंग, एकल मंच” शीर्षक से विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन गुरुवार, 26 मार्च को सरसाणा स्थित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के प्लेटिनियम हॉल में शाम 6:30 बजे से किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को सिटी लाइट स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए महेश मित्तल ने जानकारी दी कि यह आयोजन ट्रस्ट के 29वें वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन में देश के सुप्रसिद्ध कवि अशोक चक्रधर, अनामिका अंबर, शशिकांत यादव, अनिल अग्रवंशी, शम्भु शिखर और गौरव शर्मा अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
महेश मित्तल ने ट्रस्ट की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान में गुजरात में 65 वनवासी व्यास कथाकार कार्यरत हैं और अगले पांच वर्षों में 300 नए कथाकार तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उत्तर एवं दक्षिण गुजरात के लगभग 2000 गांवों में संस्कार शिक्षा केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिन्हें आगामी पांच वर्षों में बढ़ाकर 10 हजार गांवों तक पहुंचाने की योजना है।
ट्रस्ट के सूरत चैप्टर के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल (विनायक) ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वनवासी समाज के उत्थान के लिए शहरी समाज को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट शिक्षा, संस्कार और सामाजिक विकास के माध्यम से वनवासी क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।
प्रेसवार्ता के दौरान ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों—श्रीहरि व्यास कथाकार प्रशिक्षण केंद्र, श्रीहरि संस्कार शिक्षा केंद्र, राष्ट्रीय सत्संग प्रतियोगिता, सामाजिक चुनौतियों के समाधान एवं श्रीहरि मंदिर रथ—के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रतनलाल दारुका, पवन झुनझुनवाला, महिला समिति की मंजू मित्तल, अंकुर बीजका सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
