सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स ने युवाओं में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग पर आयोजित किया जागरूकता सत्र

सोशल मीडिया पर बिताए गए समय का सही उपयोग करें तो बेहतर व्यवसाय खड़ा किया जा सकता है – अजय तोमर

सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स ने युवाओं में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग पर आयोजित किया जागरूकता सत्र

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा युवाओं में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग और उसके प्रभाव को समझाने के उद्देश्य से शनिवार को एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

‘आज के युवाओं को समझना – सोशल मीडिया ओवरव्यू कैसे हैंडल करें’ विषय पर यह जानकारीपूर्ण कार्यक्रम 7 मार्च 2026 को शाम 5:30 बजे समृद्धि, नानपुरा, सूरत में आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम के कीनोट स्पीकर अजय तोमर (जॉइंट प्रेसिडेंट और ग्रुप हेड – कैडर एक्सीलेंस एंड लीडरशिप डेवलपमेंट, अडानी ग्रुप तथा गुजरात कैडर के सेवानिवृत्त डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस, आईपीएस 1989) थे। उन्होंने युवाओं में सोशल मीडिया के उपयोग और उसके प्रभावों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। युवाओं में इसके बढ़ते उपयोग को देखते हुए इसके संतुलित और सही इस्तेमाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

चैंबर के पूर्व अध्यक्ष रूपिन पचीगर ने अपने संबोधन में कहा कि टेक्नोलॉजी और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इसके साथ जुड़ी चुनौतियों को समझना और सही मार्गदर्शन लेना भी उतना ही जरूरी है।

कीनोट स्पीकर अजय तोमर ने बताया कि वर्ष 2023 की एक रिसर्च के अनुसार एक व्यक्ति प्रतिदिन औसतन ढाई घंटे सोशल मीडिया पर बिताता है, जबकि किशोर और विद्यार्थी रोजाना लगभग सात से आठ घंटे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह समय सही दिशा में लगाया जाए तो सूरत जैसे उद्योगों के शहर में युवा अच्छा व्यवसाय भी खड़ा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया युवाओं के लिए जानकारी, सीखने के अवसर और वैश्विक संपर्क का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। हालांकि इसके अत्यधिक उपयोग से व्यक्ति के व्यवहार, ध्यान और जीवनशैली पर नकारात्मक प्रभाव भी पड़ सकता है। इसलिए युवाओं को सोशल मीडिया के उपयोग के लिए समय सीमा तय करने, डिजिटल डिटॉक्स अपनाने और वास्तविक जीवन की गतिविधियों में अधिक सक्रिय रहने की सलाह दी गई।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सही उपयोग के लिए माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। परिवार और शैक्षणिक संस्थानों को युवाओं की ऊर्जा और समय को रचनात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करना चाहिए तथा उन्हें बेहतर टाइम मैनेजमेंट सिखाना चाहिए।

कार्यक्रम में चैंबर के उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र काजीवाला और प्रफुल्ल शाह, ग्रुप चेयरमैन गिरधरगोपाल मुंदड़ा, महेश पमनानी सहित अनेक प्रोफेशनल्स, नागरिक और युवा उपस्थित रहे।

चैंबर के ऑनरेरी ट्रेजरर CA मितेश मोदी ने कीनोट स्पीकर अजय तोमर का परिचय कराया। वहीं डिजिटल मार्केटिंग कमेटी के को-चेयरमैन मंथन मद्रासी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और को-चेयरपर्सन वनिता रावत ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।

Tags: Surat SGCCI