सूरत : विप्र फाउंडेशन की दादरा-नगर हवेली इकाई का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

उन्नत समाज के निर्माण का लिया संकल्प, भगवान परशुराम प्रकल्प हेतु रु. 2.11 लाख का योगदान

सूरत : विप्र फाउंडेशन की दादरा-नगर हवेली इकाई का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

विप्र समाज के राष्ट्रीय संगठन विप्र फाउंडेशन की दादरा-नगर हवेली इकाई की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम होटल ग्रीन चिली सभागार में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और बाल गायक राघव पारीक द्वारा प्रस्तुत परशुराम वंदना से हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि और फाउंडेशन के राष्ट्रीय समन्वयक किशन जोशी ने अध्यक्ष मुरारी लाल पारीक एवं कार्यकारी अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में गठित कार्यकारिणी को संगठनात्मक सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई। साथ ही महिला एवं युवा शाखा के पदाधिकारियों को दुपट्टा पहनाकर नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी बी.के. दायमा ने सभी पदाधिकारियों का परिचय कराते हुए संगठन की शगुन योजना, शिक्षा सहायता निधि, और अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में स्थापित की जा रही भगवान परशुराम प्रतिमा योजना की जानकारी दी और उनसे इन सेवाओं से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशन जोशी ने कहा कि “उन्नत समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार बनता है।” उन्होंने पूरे विप्र समाज से एकजुट होकर सामाजिक उत्थान की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सूरत से राष्ट्रीय संरक्षक सावरमल माटोलिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तुलसीराम राजपुरोहित, राष्ट्रीय महामंत्री कामना खंडेलवाल, गुजरात प्रदेश महामंत्री मीठालाल पालीवाल, हनुमान शर्मा, दानह प्रभारी वीरेंद्र राजपुरोहित सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान अध्ययन, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। नन्हीं बालिका नित्या शर्मा ने संस्कृत में शिव स्तुति प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अंत में नव-नियुक्त अध्यक्ष मुरारी लाल पारीक ने सभी का आभार प्रकट करते हुए, दानह इकाई की ओर से भगवान परशुराम मूर्ति प्रकल्प के लिए रु. 2,11,000 के योगदान की घोषणा की। कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश दायमा ने किया।

Tags: Surat