सूरत : संजय नगर के बाढ़ पीड़ितों को भीम नगर स्कूल में किया गया स्थानांतरित, महापौर ने लिया जायजा
महापौर दक्षेशभाई मावाणी ने राहत शिविर का निरीक्षण कर भोजन और राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा की
सूरत। उधना क्षेत्र के संजय नगर आवास में खाड़ी की बाढ़ से प्रभावित लोगों को स्थानीय भीम नगर स्कूल में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया गया है। शुक्रवार को सूरत के महापौर दक्षेशभाई मावाणी ने राहत शिविर का दौरा कर राहत कार्यों और आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान स्थानीय पार्षद सोमनाथ मराठे और उधना जोन के अधिकारी स्वाती देसाई, भैरव देसाई भी महापौर के साथ मौजूद रहे। महापौर मावाणी ने प्रभावित परिवारों को दी जा रही सुविधाओं जैसे भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और साफ-सफाई के इंतजाम की विस्तार से जानकारी ली।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ित किसी भी जरूरी सुविधा से वंचित न रहें और उन्हें हरसंभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य इन परिवारों को सुरक्षित आश्रय के साथ-साथ गरिमामयी जीवन की आवश्यक सभी सुविधाएं प्रदान करना है।
भीम नगर स्कूल में बनाए गए इस अस्थायी राहत केंद्र में खानपान, पानी, बिजली और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन और स्वैच्छिक संस्थाएं मिलकर पीड़ितों की सहायता में जुटी हुई हैं।