सूरत : अडाजण में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, यात्रा में दिखी देशभक्ति की उमंग
पूर्व केबिनेट मंत्री पूर्णेश मोदी सहित शहर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता, रविवार शाम महालक्ष्मी मंदिर परिसर से हुई शुरुआत
सूरत। आज रविवार शाम सूरत के अडाजण क्षेत्र में महालक्ष्मी मंदिर परिसर से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे शुरू हुई इस यात्रा में शहरभर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
सूरत पश्चिम विधानसभा के विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश, पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी, अनिल बिस्कुट वाला, पूर्व महापौर राजूभाई देसाई, हेमालीबेन, नगरसेवक, शहर के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लिया।
यात्रा महालक्ष्मी मंदिर से प्रारंभ होकर गंगेश्वर होते हुए परशुराम उद्यान तक निकाली गई। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान में गूंजते जयघोष ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट करना था, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करना भी था। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की यात्राएं समाज को जोड़ने और देश के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए थे और आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। यात्रियों ने राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया।