सूरत : दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव का हुआ आरंभ

मिलेट्स से बनी वस्तुओ का लुफ़्त उठा सकेंगे सूरतवासी 

सूरत : दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव का हुआ आरंभ

सूरत। मिलेट्स और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गुजरात सरकार द्वारा 8 फरवरी से राज्य के सात जिलों मे ‘मिलेट्स महोत्सव 2025’ का आरंभ किया गया। ये आयोजन सूरत सहित अहमदाबाद, जामनगर, गांधीनगर, वडोदरा, भावनगर और राजकोट में एक साथ हो रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद से इस कार्यक्रम का उद्घाटन वर्चुअली किया। जबकि सूरत के वनिता विश्राम ग्राउन्ड में इस कार्यक्रम का शुभारंभ गृहमंत्री हर्ष संघवी ने किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में लिंबायात की विधायक श्रीमती संगीता पाटील और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। 

इस महोत्सव का आयोजन सूरत कृषि विभाग और सूरत महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। इस मिलेट्स महोत्सव में सूरत सहित दक्षिण गुजरात के वलसाड़, डांग, तापी, नवसारी जिलों के प्राकृतिक खेती करने वाले लगभग 60 किसानों के 75 स्टॉल लगाये गये हैं जिनमें मिलेट्स से बने उत्पाद प्रदर्शित किये गए हैं। इन 75 स्टॉलों में से 15 फूड स्टॉल हैं जहां मिलेट्स से बने विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे गए हैं जिसका स्वाद चखने के लिए लोगों मे उत्साह देखने को मिला। अन्य स्टॉलों में हल्दी, बाजारा, ज्वार, रागी, मसाले, ताजी सब्जियां, लुप्तप्राय आमबामोर, इंद्राणी ब्लैक राइस, लाल कड़ा, नारियल के छिलके के रेशे से बनी गणेश जी की प्रतिमा और सजावटी वस्तुएं भी बिकते देखेने को मिलेंगी। 
 
बताते चलें कि मिलेट्स से बने व्यंजन पौष्टिक तत्वों से भरे हुए होते हैं जो शरीर को काफी अधिक मात्रा में पोषण प्रदान करते हैं। इनका नियमित रूप से सेवन करने पर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्ट्रोक, कोलन कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है। 

गणेशजी की प्रतिकृति बनी आकर्षण का केंद्र 

इस महोत्सव में स्टॉल नंबर 43 पर तापी जिले की जयश्रीबेन चौधरी द्वारा तैयार इकोफ्रेंडली गणेशजी की मूर्ति आपको देखने को मिलेगी। इसे नारियल के छिलके के रेशे से बनाया गया है। यह लोगों को खूब पसंद आ रही है। जयश्रीबेन और स्नेहा सखी मण्डल द्वारा इसका निर्माण किया गया। इसके अलावा उनके समूह द्वारा नारियल के रेशे से बनी और अन्य सजावटी चीजें भी स्टॉल पर प्रदर्शित की गई हैं।

Tags: Surat