सूरत : चैंबर ने मानश्री इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्रा. लि. का इंडस्ट्रियल विज़िट आयोजित किया
इंश्योरेंस ब्रोकिंग, रिस्क मैनेजमेंट और बिज़नेस कवरेज की बारीकियों से रूबरू हुए सदस्य
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा अपने सदस्यों को विभिन्न उद्योगों और सेवा क्षेत्रों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से समय-समय पर इंडस्ट्रियल विज़िट आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में चैंबर ने हाल ही में मानश्री इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेडका इंडस्ट्रियल विज़िट आयोजित किया।
इस विज़िट में चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी भी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने इंश्योरेंस ब्रोकिंग सेक्टर की कार्यप्रणाली, ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं तथा रिस्क मैनेजमेंट के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
चैंबर के सदस्यों को अलग-अलग प्रकार की इंश्योरेंस पॉलिसियों, बिज़नेस संस्थानों के लिए आवश्यक इंश्योरेंस कवरेज और उचित इंश्योरेंस प्लानिंग के माध्यम से संभावित व्यावसायिक जोखिमों से बचाव के तरीकों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर श्री निखिल मद्रासी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी और अनिश्चित व्यावसायिक वातावरण में इंश्योरेंस और रिस्क मैनेजमेंट का महत्व काफी बढ़ गया है। ऐसे इंडस्ट्रियल विज़िट के माध्यम से चैंबर के सदस्यों को विभिन्न सेक्टरों की कार्यप्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है, जो उनके व्यवसाय के लिए उपयोगी साबित होती है।
इंडस्ट्रियल विज़िट के दौरान उपस्थित सदस्यों को मानश्री इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला, जिससे उन्हें इंश्योरेंस सेक्टर की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
