सूरत : सिविल अस्पताल के सफाई कर्मचारियों को संघवी परिवार का दिवाली का तोहफा
गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की पत्नी के जन्मदिन पर 700 सफाई कर्मचारियों को कपड़े वितरित कर किया सम्मानित
सूरत : गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की पत्नी श्रीमती प्राची संघवी के जन्मदिन के अवसर पर और दिवाली के शुभ अवसर पर सिविल अस्पताल के 700 सफाई कर्मचारियों को कपड़े वितरित किए गए। इस दौरान, 600 महिला सफाईकर्मियों को साड़ी और 100 पुरुष सफाईकर्मियों को पैंट-शर्ट प्रदान किए गए। यह वितरण कार्यक्रम श्रीमती प्राची संघवी, हर्ष संघवी की माता देवीबेन और बहन हनीबेन के कर-कमलों से संपन्न हुआ।
सिविल परिसर और विभिन्न वार्डों को साफ-सुथरा रखने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका को देखते हुए संघवी परिवार ने उनके इस निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। सफाई कर्मचारियों ने भी संघवी परिवार को आशीर्वाद दिया।
ज्ञात रहे कि संघवी परिवार वर्षों से अपने जन्मदिन, दिवाली, रक्षाबंधन जैसे त्योहारों को सेवा भाव से मनाते हैं। वे अक्सर सिविल अस्पताल के मरीजों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए भोजन, कपड़े, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान करते हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी संघवी परिवार ने सिविल अस्पताल में मरीजों की सेवा में कोई कमी नहीं रखी थी।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धारीत्री परमार, आरएमओ डॉ. केतन नायक, नर्सिंग काउंसिल के उपाध्यक्ष इकबाल कड़ीवाला, नर्सिंग एसोसिएशन के नेता विभोर चुघ, नीलेश लाठिया, वीरेन पटेल, संजय परमार, बिपिन मेकवान और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।