गुजरात : डांग के धावक मुरली गावित ने 10 किमी दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

गुजरात : डांग के धावक मुरली गावित ने 10 किमी दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

स्पेन के वेलेन्सीया में दुनिया भर के 55 देशों के चोटी के 200 धावकों की दौड़ में मुरली ने लिया था हिस्सा

डांग एक्सप्रेस के रूप में जाने वाले गुजरात के वघई के रहने वाले 24 वर्षीय मुरली गावित ने 10 किमी की दौड़ में राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया है। मुरली ने ये कीर्तिमान स्पेन में आयोजित एक दौड़ में बनाया। स्पेन के वेलेन्सीया में दुनिया भर के 55 देशों के चोटी के 200 धावकों की एक दौड़ रखी गई थी जिसमें मुरली ने 31वां स्थान हासिल किया। मुरली ने ये दौड़ 28.42 मिनट में पूरी की। इससे पहले भारत की ओर से इंद्रजीत पटेल ने नवंबर 2010 में इतनी ही दूरी की दौड़ 28.54 मिनट में पुरी करके रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इससे पहले नवंबर 2007 में सुनील पाठक ने ये दौड़ इसी समयावधि में पूरी की थी। 
मुरली गावित ने टाइम्स ऑफ इंडिया को कैन्या से फोन पर दिये साक्षात्कार में बताया है कि वह पिछले दो साल से कोरोना महामारी के कारण काफी व्यथित था। पिछले दो महीनों से ही उसने अभ्यास पुनः शुरु किया था। ऊंटी और उसके बाद कैन्या में उसने अभ्यास किया और स्पेन में दौड़ में अपने प्रदर्शन से वह काफी उत्साहित है। मुरली का मानना है कि अब वह कॉमनवैल्थ गेम्स और एशियाड पर अपना ध्यान केंद्रित करेगा। 
बता दें कि गुजरात के डांग से ही धाविका सरिता गायकवाड़ ने 2018 एशियाई खेलों में अपना कौशल दिखाते हुए 4*400 मीटर रिले दौड़ में एम आर पूवामा, हीमा दास और वी के विसमाया के साथ मिलकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। गायकवाड़ को गुजरात सरकार की ओर से पुलिस की नौकरी की पेशकश की गई थी और फिलहाल वे डेप्युटी सुपरीटेंडेंट ऑफ पुलिस के पद पर कार्यरत हैं।