वडोदरा: दो समुदायों में भिड़ंत, 10 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया
पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में की कॉम्बिंग
वडोदरा, 30 सितंबर (हि.स.)। वडोदरा के पादरा में फिर एक बार शांति में खलल डालने की कोशिश की गई। दो समुदायों के बीच भिड़ंत के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने देर रात अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग कर 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
गुजरात के नर्मदा जिले के सेलंबा, पंचमहाल के घोघंबा और वडोदरा के सावली में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान दो समुदायों में भिड़ंत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस के कई आलाधिकारियों ने कैम्प कर स्थिति को नियंत्रण में लिया था। अब एक बार फिर वडोदरा में तनाव पैदा करने की कोशिश के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पादरा में दो समुदायों के बीच भिड़ंत होने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने रात में ही कॉम्बिंग शुरू कर 10 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस की तत्परता से देर रात की घटना दूसरे क्षेत्रों में फैलने से रुक गई। वडोदरा के पादरा स्थित अंबाजी तालाब के पास स्थित मंदिर से कई युवक प्रसाद वितरण कर रहे थे। इसी बीच इस क्षेत्र से दूसरे समुदाय का जुलूस निकला जिसमें कई युवकों ने आपत्तिजनक शब्दों से धार्मिक भावना आहत करने की कोशिश की। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और दोनों समुदाय आमने-सामने हो गया।
आरोप है कि हिन्दू एकता संगठन के युवक की सोने की चेन लूट ली गई। इसके बाद हिंदू संगठन के लोग पादरा थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पादरा थाने में 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। रात्रि के दौरान माहौल बिगड़ने पर जिला पुलिस को बुला लिया गया। घटना स्थल पर पुलिस अधीक्षक रोहण आनंद भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस रात में एक्शन मोड मे आ गई और पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग कर 10 लोगों को राउण्ड अप कर पूछताछ किया गया है।