कांग्रेस ने ओबीसी समाज को कभी महत्व नहीं दिया: अमित शाह

मोदी समाज के राष्ट्रीय महासम्मेलन में बोले केन्द्रीय गृहमंत्री

कांग्रेस ने ओबीसी समाज को कभी महत्व नहीं दिया: अमित शाह

अहमदाबाद, 21 मई (हि.स.)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के शाहीबाग में आयोजित मोदी समाज के राष्ट्रीय महासम्मेलन में कांग्रेस पर हमला बोला। शाह ने कहा कि कांग्रेस के 56 साल के शासन में ओबीसी समाज का कभी भला नहीं हुआ। कांग्रेस ने ओबीसी समाज को प्रताड़ित और अपमानित किया है, जबकि भाजपा ने इस समाज को सम्मान दिया। शाह ने कहा कि भाजपा ने ही देश को पहला ओबीसी समाज का प्रधानमंत्री दिया। मोदी सरकार में 27 केन्द्रीय मंत्री ओबीसी समाज से हैं। साथ ही भाजपा ने ही सबसे अधिक मुख्यमंत्री भी इसी समाज से दिए हैं। भाजपा सरकार ने ओबीसी सूची में बार-बार संशोधन भी किया।

महासम्मेलन में केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि ओबीसी और गरीब समाज के लिए भाजपा सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं। भाजपा के सूरत पश्चिम के विधायक और मोदी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्णेश मोदी की उन्होंने इस अवसर पर सराहना की। मोदी समाज की मानहानि के केस में पूर्णेश मोदी की याचिका पर ही कोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सदस्यता रद्द की है।

इस अवसर पर अमित शाह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 9 साल के शासन में ही मोदी सरकार ने ओबीसी समाज के लिए कई बड़े काम किए। 13 करोड़ गरीबों के घर में गैस सिलेंडर पहुंचाए गए। 17 करोड़ लोगों को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवच दिया गया। इसके अलावा 80 करोड़ लोगों को 5 किलो मुफ्त अनाज दिया गया।

शाह ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज मोढ़ेश्वरी माता का उपासक समाज एकजुट हुआ है। उसे बड़ी पहचान मिली है। शाह ने कार्यक्रम में पीएम मोदी के संघर्ष का उल्लेख किया और कहा कि वे आज देश के प्रधानमंत्री बने हैं तो इसके पीछे उनके मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए अच्छे कार्य शामिल हैं।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन समस्त गुजराती मोढ मोदी समाज ट्रस्ट की ओर से किया गया। इसके प्रमुख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बड़े भाई सोमाभाई मोदी हैं। इस सम्मेलन में पूर्णेश मोदी भी उपस्थित रहे। पूर्णेश मोदी समस्त गुजराती मोढ मोदी समाज ट्रस्ट के कार्यकारी प्रमुख हैं।

Tags: Ahmedabad