सूडान में फंसे राजनयिकों, नागरिकों की निकासी के लिए प्रयासरत हैं कई देश

संघर्ष के कारण जमीनी मार्ग से निकासी भी खतरनाक है

सूडान में फंसे राजनयिकों, नागरिकों की निकासी के लिए प्रयासरत हैं कई देश

खार्तूम, 24 अप्रैल (हि.स.)। अफ्रीकी देश सूडान में जारी संघर्ष के बीच रविवार को अमेरिका द्वारा अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को सुरक्षित निकालने के बाद कई अन्य देशों की सरकारें भी अपने राजनयिक कर्मचारियों तथा राजधानी में फंसे नागरिकों को निकालने के लिए प्रयासरत हैं। वहीं संघर्ष में 264 नागरिकों सहित 400 से अधिक लोग मारे गए हैं और 3,500 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

ईद-उल-फितर पर तीन दिन के युद्ध विराम की घोषणा के बावजूद बावजूद हिंसा हुई। वहीं रविवार को सूडान की राजधानी खार्तूम से नील नदी के पास स्थित शहर ओमडुरमैन में फिर से लड़ाई शुरू हो गई है।

ओमडुरमैन में एक इमारत में रहने वाले अमीन अल-तैयद ने कहा कि हमने ऐसा संघर्ष विराम नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि भारी गोलीबारी हुई है और शहर विस्फोटों से दहल उठा है। खार्तूम स्थित हवाई अड्डे के ऊपर घना काला धुआं छा गया। सूडानी सैन्य बलों से लड़ाई के बीच अर्धसैनिक बल ने दावा किया कि खार्तूम के उत्तर में काफौरी में सेना ने हवाई हमले किए। फिलहाल सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

एक सप्ताह के खूनी संघर्ष के बाद बचाव अभियान में अवरोध के बावजूद अमेरिकी विशेष सैन्य बलों ने रविवार तड़के खार्तूम से अमेरिकी दूतावास के 70 कर्मचारियों को इथियोपिया में एक अज्ञात स्थान पर पहुंचाया। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों की समन्वित सामूहिक निकासी को अंजाम देना अब भी बहुत खतरनाक है। अन्य देश भी अपने नागरिकों और राजनयिकों को निकालने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।

फ्रांस और नीदरलैंड ने रविवार को कहा कि वे सहयोगी देशों के कुछ नागरिकों के साथ-साथ दूतावास के कर्मचारियों और नागरिकों के लिए निकासी अभियान शुरू कर रहे हैं। फ्रांस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ऐनी-क्लेयर लिजेंड्रे ने कहा कि फ्रांस यूरोपीय भागीदारों की मदद से अभियान चला रहा है। सूडान के सैन्य बलों और शक्तिशाली अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच संघर्ष में देश के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया। परिचालन ठप होने के साथ कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए और एक रनवे नष्ट हो चुका है। देश के अन्य हवाई अड्डों से भी परिचालन ठप है।

संघर्ष के कारण जमीनी मार्ग से निकासी भी खतरनाक है। खार्तूम, लाल सागर पोर्ट सूडान से लगभग 840 किलोमीटर दूर है। हालांकि तमाम खतरों के बीच कुछ देश निकासी अभियान संचालित कर रहे हैं। सऊदी अरब ने  कहा कि देश ने 157 लोगों को सफलतापूर्वक निकाला, जिनमें 91 सऊदी नागरिक और अन्य देशों के नागरिक शामिल हैं।

सऊदी अरब ने खार्तूम से पोर्ट सूडान तक कार और बस से यात्रा कर रहे सऊदी और अन्य विदेशी नागरिकों के एक बड़े काफिले की फुटेज जारी की। इन लोगों को नौसेना के जहाज से लाल सागर के पार जेद्दा के सऊदी बंदरगाह तक पहुंचाया गया। जनरल अब्देल-फतह बुरहान के नेतृत्व में सूडान की सेना और जनरल मोहम्मद हमदान डागलो के नेतृत्व में रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच सत्ता संघर्ष ने लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए सूडान की उम्मीदों को करारा झटका दिया है। 

मिस्र के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद अबू जैद ने विवरण दिए बिना कहा कि रविवार को सूडान में मिस्र के एक राजनयिक गोली लगने से घायल हो गए। हताहतों की संख्या पर नजर रखने वाले सूडान डॉक्टर्स सिंडिकेट अनुसार लड़ाई के बीच कई घायल फंसे हुए हैं। संगठन ने कहा कि हताहतों की संख्या कहीं अधिक हो सकती है।

Tags: India Sudan