गुजरात :  कांग्रेस के महिसागर जिले से कांग्रेस के एक मंत्री समेत 13 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, लगाया अनदेखी का आरोप

गुजरात :  कांग्रेस के महिसागर जिले से कांग्रेस के एक मंत्री समेत 13 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, लगाया अनदेखी का आरोप

 सभी पदाधिकारियों के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें

राज्य में कांग्रेस की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। एक साधे तो तेरह टूटे जैसे बुरा हाल हो गया। राज्य में कमजोर नेतृत्व के कारण कांग्रेस को सतत हार का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थी। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपने खराब प्रदर्शन के चलते महज 17 सीटें ही मिल सकीं। गिरते जनाधार एवं कमजोर नेतृत्व के कारण कांग्रेस के विधायक बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जहां एक ओर गुजरात कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बदले जा रहे, वहीं दूसरी ओर महिसागर जिले से कांग्रेस के एक मंत्री समेत 13 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया।  ऐसे में कांग्रेस को एक बार फिर एक और बड़ा झटका लगा है.

गुजरात कांग्रेस में हो सकते हैं बड़े बदलाव

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में अगले कुछ दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। जिसके लिए कांग्रेस की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले जगदीश ठाकोर को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया था। अब चुनाव में करारी हार के बाद नए अध्यक्ष की तैयारी शुरू कर दी गई है। कांग्रेस ने विपक्ष के नेता के रूप में ओबीसी को चुना था, ऐसे में अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पाटीदार का प्रतिनिधित्व करने की संभावना है।

महिसागर जिला कांग्रेस के कुल 13 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया

महिसागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि महिसागर जिला कांग्रेस पार्टी संगठन में विभिन्न पदों के कुल 13 पदाधिकारियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से सामूहिक त्याग पत्र भेजा था। जिसमें कहा गया है कि पार्टी में उपेक्षा होने के कारण इन सभी पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया है। लेकिन उनके मुताबिक इस्तीफा ही एकमात्र विकल्प नहीं है। थोड़ा सब्र रखना चाहिए। इसके साथ ही खबर यह भी है कि ये सभी पदाधिकारी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। 

इन पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों में ठाकोर अल्पेश - जिला मंत्री, रोहित विजय - जिला मंत्री, अजयसिंह सोलंकी - तालुका मंत्री, राजेंद्रसिंह राणा तालुका सह मंत्री, अभेसिंह बिहोला - तालुका मंत्री, कृपाल सिंह राणा (ठाकोर) - उपाध्यक्ष, जसपाल सिंह ठाकोर - तालुका सहमंत्री, नरेंद्र सिंह सोलंकी - तालुका उपाध्यक्ष, धवलकुमार जोशी - तालुका उपाध्यक्ष, रशेश टेलर - तालुका महामंत्री,  मोती भाई अमराभाई - संयोजक राजगढ़, महिपाल सिंह सोलंकी - महामंत्री, प्रभात सिंह हाडा- तालुका मंत्री का समावेश है।