राजकोट : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल संस्थान के ‘अमृत महोत्सव’ का शुभारंभ किया

राजकोट : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल संस्थान के ‘अमृत महोत्सव’ का शुभारंभ किया

गुरुकुल संस्थान ने किया शिक्षा के साथ मूल्यनिष्ठ संस्कारों के सिंचन का कार्य

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राजकोट के सहजानंद नगर में श्री स्वामीनारायण गुरुकुल संस्थान-राजकोट द्वारा आयोजित ‘अमृत महोत्सव’ का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकोट में स्वामीनारायण संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मनाए जा रहे ‘अमृत महोत्सव’ के साथ-साथ भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है, जो एक सुंदर समन्वय है।

सशक्त राष्ट्र के निर्माण में गुरुकुल जैसी संस्थाओं का बहुमूल्य योगदान रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामीनारायण गुरुकुल संस्थान विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ मूल्यनिष्ठ संस्कारों के सिंचन का उम्दा कार्य कर रहा है। यहां विद्यार्थी ज्ञान के साथ उच्च मानवीय मूल्य भी अर्जित कर रहे हैं जो विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि अब जब हम आजादी के अमृत काल में प्रवेश कर चुके हैं, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को परिपूर्ण करने में हम सभी प्रबल राष्ट्रभाव के साथ सहभागी बने। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद गुजरात राज्य के विकास में हम सभी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर सकें, इसके लिए हम यहां संतों और महंतों का आशीर्वाद लेने आए हैं।

भारतीय संस्कृति में सदियों से नारी का सम्मान किया जाता रहा है

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि राजकोट गुरुकुल आज बीज से वटवृक्ष जैसा एक संस्थान बन गया है। उन्होंने कहा कि, “मैंने गुरुकुल के कार्यों को निकट से देखा है। उनके गुरुकुल विशाल और आलीशान हैं।” राज्यपाल ने स्वामीनारायण संस्थान के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस देश में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास निश्चित है। भारतीय संस्कृति में सदियों से नारी का सम्मान किया जाता रहा है।

बेटियां दो कुलों को शिक्षित-दीक्षित करती हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा अवश्य दी जानी चाहिए

स्वामीनारायण संप्रदाय के साधु-संतों का माता-बहनों और बेटियों के प्रति आदर-सम्मान देखकर स्वयं के प्रभावित होने का जिक्र करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि वे मंदिर बनाकर पूजा-पाठ करने तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे कुरिवाजों के विरुद्ध कार्य करते हैं, स्वास्थ्य के लिए आवश्यक साधन-सुविधा प्रदान करते हैं, बच्चों को पढ़ाते हैं, गायों और धर्म की रक्षा करते हैं तथा माताओं का सम्मान करते हैं।

राज्यपाल ने इस संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में लगभग 50 गुरुकुल कार्यरत हैं, लेकिन राजकोट में बालिकाओं के लिए आकार लेने वाला गुरुकुल सचमुच ही एक सराहनीय कार्य है। नारी समाज का आधा हिस्सा है, हम सभी ने माता के गर्भ से जन्म लिया है। माता हमारी पहली गुरु है। उन्होंने कहा कि बेटियां दो कुलों को शिक्षित-दीक्षित करती हैं। इसलिए उन्हें शिक्षा अवश्य दी जानी चाहिए। बच्चियों की शिक्षा के लिए गुरुकुल के दानदाताओं ने सच्चे अर्थ में परोपकार का कार्य किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत में गुरुकुल के बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत सहित अन्य महानुभावों ने सहजानंद नगर के प्रांगण में हिमालय गेट पर सहजानंद स्वामी की प्रतिमा का पुष्प से पूजन कर तथा रिबन काटकर महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत में गुरुकुल के बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। संतों, महंतों और महानुभावों ने राजकोट गुरुकुल संस्थान द्वारा निर्मित होने वाले कन्या गुरुकुल की भूमि पर निर्माण कार्य की पहली ईंट का (इष्टिका) पूजन किया गया।

स्वामीनारायण संस्थान की 75 वर्षों की सफल यात्रा पर लघु फिल्म का निदर्शन किया गया

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुरेन्द्रनगर के स्वामीनारायण गुरुकुल मंदिर का जबकि राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जामनगर स्थित स्वामीनारायण गुरुकुल मंदिर का ई-लोकार्पण किया। स्वामीनारायण संस्थान की 75 वर्षों की सफल यात्रा पर लघु फिल्म का निदर्शन किया गया। प.पू. 1008 वडताल गादीपति आचार्य राकेशप्रसाद जी महाराज ने स्वामीनारायण संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर महाराज गुरुवर्य देवकृष्ण दास जी, महंत देव प्रसाद जी स्वामी, महंत धर्मवल्लभ स्वामी, विधायक दर्शिताबेन शाह, उदय कानगळ, रमेशभाई टीलाळा, महापौर डॉ. प्रदीपभाई डव, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भरतभाई बोघरा, राजकोट जिला भाजपा अध्यक्ष कमलेशभाई मीराणी, अग्रणी सर्वश्री चेतनभाई रामाणी, राजूभाई ध्रुव, भूमिदाता यजमान लालजीभाई पटेल, राकेशभाई दुधात, कलक्टर अरुण महेश बाबू, पुलिस आयुक्त राजु भार्गव, मनपा आयुक्त अमित अरोरा, क्षेत्रीय आयुक्त धीमंत कुमार व्यास, धीरज काकड़िया सहित स्वामीनारायण संप्रदाय के संत, महंत और विशाल संख्या में हरिभक्त उपस्थित रहे।

Tags: Rajkot