अहमदाबाद : रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य हासिल करने में अहम सोपान सिद्ध होगा डिफेंस एक्सपो-2022: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

अहमदाबाद :  रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य हासिल करने में अहम सोपान सिद्ध होगा डिफेंस एक्सपो-2022: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

डिफेंस एक्सपो-2022 मेजर फॉरेन ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स को भारतीय रक्षा उद्योग के साथ सहयोग करने का अवसर देगाः रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट

डिफेंस एक्सपो-2022,  मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की प्रेरक उपस्थिति में रक्षा राज्य मंत्री ने प्रदर्शनी के आयोजन की समीक्षा की
मुख्यमंत्री  भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर में डिफेंस एक्सपो-2022 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन से रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य हासिल करने में डिफेंस एक्सपो-2022 एक महत्वपूर्ण सोपान सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट की सह-अध्यक्षता में हुई डिफेंस एक्सपो के आयोजन की एपेक्स कमेटी की बैठक में कहा कि 10 से 14 मार्च के दौरान एशिया के सबसे बड़े डिफेंस एक्सपो का आयोजन पूरे गुजरात के लिए गौरवपूर्ण घटना है। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय को डिफेंस एक्सपो-2022 के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए राज्य सरकार के संपूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि डिफेंस एक्सपो-2022 के आयोजन से रक्षा क्षेत्र के उद्योगों और उसके पूंजीनिवेशकों को गुजरात में अपना स्थायी ठिकाना बनाना का अवसर मिलेगा। उन्होंने डिफेंस एक्सपो-2022 के आयोजन को लेकर गुजरात सरकार की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की सराहना की। 
रक्षा राज्य मंत्री ने आगे कहा कि डिफेंस एक्सपो का यह 12वां संस्करण लैंड, नेवल और होमलैंड सिक्योरिटी सिस्टम के प्रदर्शन की मेगा इवेंट है। डिफेंस एक्सपो-2022 मेजर फॉरेन ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (ओईएम) यानी प्रमुख विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं को भारतीय रक्षा उद्योग के साथ सहयोग करने का अवसर मुहैया कराएगा। श्री भट्ट ने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के वर्ष में आयोजित डिफेंस एक्सपो-2022 की थीम ‘पाथ टू प्राइड’ है, जो भारत के लोगों की संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को भी प्रदर्शित करेगा।  
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट की सह-अध्यक्षता में हुई डिफेंस एक्सपो के आयोजन की एपेक्स कमेटी की बैठक
उल्लेखनीय है कि डिफेंस एक्सपो-2022 में हिस्सा लेने के लिए 63 देशों की 121 विदेशी कंपनियों सहित कुल 973 कंपनियां रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। आगामी दिनों में इस संख्या के और बढ़ने की संभावना है। डिफेंस एक्सपो-2022 हाइब्रिड फार्मेट में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिजिकल और वर्चुअल, दोनों प्रकार के स्टॉल होंगे। डिफेंस एक्सपो-2022 का आयोजन तीन स्थलों पर तीन फॉर्मेट में किया जा रहा है, जिसमें हेलिपेड एग्जीबिशन सेंटर में प्रदर्शनी, महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में इवेंट्स एवं सेमिनार और साबरमती रिवरफ्रंट में आम जनता के लिए लाइव एग्जीबिशन शामिल है। डिफेंस एक्सपो-2022 की एपेक्स कमेटी की इस बैठक में गुजरात सरकार के मुख्य सचिव पंकज कुमार ने एक्सपो की तैयारियों में राज्य सरकार के सहयोग एवं रक्षा क्षेत्र में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी। बैठक में गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय थल सेना, वायु सेना एवं नौसेना सहित तटरक्षक बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के उच्च अधिकारी भी उपस्थित थे। 
Tags: