
अहमदाबाद : मात्र ₹400 के लेनदेन के झगड़े में भिखारी की हत्या हो गई!
By Loktej
On
हत्या तो हत्या होती है, इसमें कौन व्यक्ति क्या रुतबा रखता है यह मायने नहीं रखता। पुलिस की नजर में हर हत्या अपराध है। और एक ऐसा ही अपराध अहमदाबाद शहर के गोमतीपुर इलाके में हुआ है। इस मामले में ₹400 के लेनदेन को लेकर फुटपाथ पर रहने वाले एक भिखारी की हत्या हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शहर के गोमतीपुर इलाके में दो युवक साथ-साथ फुटपाथ पर जीवन बसर करते थे। एक युवक का नाम था रवि जो दैनिक मजदूरी करके अपना गुजारा चलाता था। दूसरा मृतक था। उधर नवाब भीख मांग कर अपने दिन काटता था। दोनों में मित्रता थी। बताया गया है कि रवि महीने भर पहले ही अहमदाबाद आया था।
बात शुक्रवार सुबह की है जब भिक्षुक नवाब ने रवि से कुछ पैसों की मांग की। दोनों के बीच में ₹400 का लेनदेन हुआ था। कथित रूप से रवि ने पैसे देने से इनकार किया और दोनों झगड़ पड़े। सुबह हुआ ये झगड़ा शांत हो गया। लेकिन रात में जब दोनों फिर मिले तो दोबारा झगड़ा हो गया। इसी आपाधापी में रवि ने नवाब के चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया। 108 एंब्यूलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सा के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने दखल दिया और थोड़े ही समय में आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया। रवि ने स्वीकार किया कि मृतक और उसके बीच ₹400 के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। चुंकि रवि को अहमदाबाद आए हुए अभी महीना भर ही हुआ था इसलिए पुलिस यह भी जांच करना चाहती है कि क्या रवि का दिल्ली में कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं रहा है। वही मृतक की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस यह भी पड़ताल करना चाह रही है कि क्या मृतक का सही नाम नवाब भी है? इसीलिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लेकर दोनों की पहचान सुनिश्चित की पहल भी की है। जांच जारी है।