विदेशी खिलाड़ियों को वतन भेजने के लिए अंबानी ने की चार्टर्ड फ्लाईट की व्यवस्था

विदेशी खिलाड़ियों को वतन भेजने के लिए अंबानी ने की चार्टर्ड फ्लाईट की व्यवस्था

अन्य टीम के खिलाड़ियों को भी दिया प्रस्ताव, इंग्लैंड के खिलाड़ियों के देश पहुँचने पर ईसीबी ने किया बीसीसीआई को धन्यवाद

देश भर में कोरोना महामारी तूफान की गति से फैली हुई है। कोरोना संकट के बीच भी बीसीसीआई द्वारा भारत में आईपीएल आयोजित किया गया था। हालांकि कई आईपीएल टीमों के खिलाड़ियों के पॉजिटिव आने के बाद बीसीसीआई ने हाल ही में आईपीएल को रद्द कर दिया है। बीसीसीआई ने 4 खिलाड़ियों और अन्य सहयोगी स्टाफ के कोरोना पॉज़िटिव आने पर 4 मई को आईपीएल को स्थगित करने की घोषणा की थी। जिसके बाद सभी खिलाड़ियों को अपने-अपने देश वापिस चले जाने के निर्देश दिये थे। 
अब बीसीसीआई और अन्य फ्रैंचाइजी के लिए सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे विदेशी खिलाड़ियों को अपने देश में कैसे भेजते हैं। इस बीच, मुकेश अंबानी के मुंबई इंडियंस ने अपने सभी खिलाड़ियों को घर भेजने के लिए एक चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि यदि कोई अन्य टीम के खिलाड़ी भी उनके साथ जाना चाहते है तो वे भी इस चार्टर्ड विमान में अपने गृह देश भी जा सकते हैं। मुंबई इंडियंस टीम में इंग्लैंड का कोई भी खिलाड़ी नहीं है। फ्रेंचाइजी ने दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और कैरेबियन के लिए उड़ानों की व्यवस्था की है।

मुंबई की टीम के न्यूजीलैंड खिलाड़ी ट्रेंट बोल्ट, जेम्स नीशम, एडम मिल्ने और शेन बॉन्ड के साथ अन्य टीमों में खेलने वाले न्यूजीलेंड के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।  दूसरी ओर, वेस्ट इंडीज जाने वाले खिलाड़ी सबसे पहले जोहानिसबर्ग जाएंगे, जहां मार्को जेनसन और क्विंटन डीकॉक को उतारा जाएगा और फिर विमान कैरेबियन देश के लिए रवाना होगा। कीरोन पोलार्ड त्रिनिदाद में रहते हैं और विमान दक्षिण अफ्रीका के बाद वहां जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24-48 घंटों में भारत से उड़ान भरी जाएगी।
इसके पहले इंग्लैंड के आठ खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो, जेसन रॉय, मोइन अली और सेम तथा टॉम करण बुधवार को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंचे। ये 8 खिलाड़ी 10 दिनों के अनिवार्य क्वारंटाइन का पालन करेंगे। क्योंकि यूनाइटेड किंगडम ने भारत को लाल सूची में डाल दिया है। ईसीबी ने कहा कि सभी खिलाड़ी सरकार द्वारा आवंटित होटल में अपना क्वारंटाइन समय बिताएंगे।
ईसीबी ने कहा "आईपीएल के निलंबन के बाद, हम अपने खिलाड़ियों और भारतीय कर्मचारियों के संपर्क में थे। टूर्नामेंट को निलंबित करने के बीसीसीआई के फैसले का बोर्ड स्वागत करता है। जिसके बाद भारत ने इंग्लिश खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने की व्यवस्था की। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ियों के प्रत्यावर्तन के लिए सुरक्षित व्यवस्था करने के लिए बीसीसीआई को धन्यवाद भी व्यक्त किया। इसके अलावा इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भारत और उसके नागरिकों के साथ कोरोना के खिलाफ अपनी इस लड़ाई में अपनी प्रार्थना भारत के साथ होने की बात कही थी। 
Tags: