यूक्रेन में अटके पड़े रूसी सैनिकों ने दुनिया के सबसे बड़े विमान को नष्ट कर निकाली अपनी भड़ास!

यूक्रेन में अटके पड़े रूसी सैनिकों ने दुनिया के सबसे बड़े विमान को नष्ट कर निकाली अपनी भड़ास!

रूस के सैनिकों द्वारा कीव के पास एक हवाई क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े विमान को नष्ट कर दिया

आज रूस और युक्रेन के बीच चल रहे युद्ध का पांचवा दिन है। पूरी दुनिया इस समय इन युद्ध के इर्दगिर्द घूम रही है। रूस का युक्रेन पर लगातार हमला जारी है। इसी बीच रूस के सैनिकों द्वारा कीव के पास एक हवाई क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े विमान को नष्ट कर दिया। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने रविवार को इस संबंध में इसकी पुष्टि करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने बताया कि मॉस्को ने चौथे दिन भी अपने पड़ोसी पर हमला जारी रखा और काफी नुकसान पहुंचाया।
आपको बता दें कि यूक्रेन में 'ड्रीम' के नाम से प्रसिद्ध एएन-225 मरिया (Mriya) को यूक्रेनी एयरोनॉटिक्स कंपनी एंटोनोव ने बनाया था और इसकी गिनती दुनिया के सबसे बड़े कार्गो विमान के रूप में होती थी। ऐसा कहा जा रहा है कि रूस की तरफ से हुए गोलाबारी के कारण कीव के बाहर होस्टोमेल हवाई अड्डे पर यह विमान जल गया।
इस मामले में यूक्रेन के विदेश मंत्री ने जानकारी देते हुए ट्वीट किया, "दुनिया का सबसे बड़ा विमान मिरिया (द ड्रीम) कीव के पास एक हवाई क्षेत्र में रूसी सैनिकों द्वारा नष्ट कर दिया गया। हम इस विमान को फिर से निर्मित करेंगे। साथ ही हम एक मजबूत, स्वतंत्र और लोकतांत्रिक यूक्रेन के सपने को पूरा करेंगे।" इसके साथ ही यूक्रेन के ट्विटर हैंडल ने भी इसे लेकर एक ट्वीट किया और विमान की एक फोटो को ट्वीट करते हुए मैसेज लिखा, "उन्होंने हमारे सबसे बड़े विमान को जला दिया लेकिन हमारी म्रिया (सपने) कभी नष्ट नहीं होंगे।"
गौरतलब है कि इस विमान को बनाने वाली कंपनी एंटोनोव का कहना है कि विमान की वर्तमान स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। विशेषज्ञों द्वारा एएन-225 का निरीक्षण किये जाने के बाद ही विमान की तकनीकी स्थिति पर कुछ बता सकते हैं।  बता दें कि गुरुवार से शुरू हुई जंग के बाद से रूस लगातार यूक्रेन के प्रमुख शहरों में क्रूज मिसाइलों से हमले कर रहा है। उसने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव पर रविवार को फिर से कब्जा जमा लिया। यूक्रेन के संघर्ष में शनिवार तक तीन बच्चों सहित 198 नागरिकों के मारे जाने की खबर है, जबकि अब तक 1,115 लोग घायल हो चुके हैं।

Tags: