राजस्थान : देर रात नदी में गिरी बारात जा रही कार, दुल्हा समेत नौ लोगों की मौत

राजस्थान : देर रात नदी में गिरी बारात जा रही कार, दुल्हा समेत नौ लोगों की मौत

देर रात हुए इस हादसे को एक राहगीर ने देखा और उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी

सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या के बीच कल 19 फरवरी की देर रात राजस्थान में एक हादसे में नव लोगों की मौत हो गयी। राजस्थान के कोटा के चंबल नदी पर बने छोटी पुलिया से गुजर रही बारातियों की एक कार चंबल नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में दूल्हे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और निगम के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल नदी में डूबे सभी लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार ये बारात चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी। देर रात हुए इस हादसे को एक राहगीर ने देखा और उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद निगम के गोताखोरों की टीम ने अगली सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नदी में गिरी गाड़ी को क्रेन की मदद से बाहर निकाल अब तक सभी मृत शरीर बाहर निकाला गया। शवों को एमबीएस की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है।
इस हादसे पर कई नेताओं ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर शोक जताया है और जिला कलेक्टर से बात कर राहत कार्यों की जानकारी भी ली। इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित 9 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। कलेक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं,ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें, दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।”
वहीं कोटा से बीजेपी सांसद ओम बिरला ने ट्वीट करते हुए लिखा कि संसदीय क्षेत्र कोटा में कार के चंबल नदी में गिर जाने से कई लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस आघात को सहन करने का संबल दें। असीम पीड़ा की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।
Tags: Rajsthan