भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंगाल में कारपेंटर के घर किया चाय-नाश्ता

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंगाल में कारपेंटर के घर किया चाय-नाश्ता

पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनाने का किया निरधार

नई दिल्ली/कोलकाता, 16 अप्रैल (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के गलसी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता छोटू बागड़ी के घर चाय-नाश्ता किया। छोटू पेशे से कारपेंटर हैं। इस दौरान जेपी नड्डा ने परिवार के सदस्यों से उनका हालचाल भी लिया। इससे पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गलसी विधानसभा में रोड शो भी किया। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ममता दीदी ने बंगाल में केवल अपने भतीजे की चिंता की, लेकिन जनता को वो भूल गईं। अब चुनाव में जनता उन्हें सबक सिखाने को तैयार है। जनता वोट उसे ही देगी जो उनको याद भी रखेगा और उनकी चिंता भी करेगा। जनता भाजपा के साथ है। दम-दम उत्तर विधानसभा का यह दृश्य भाजपा की जीत का द्योतक है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, भक्षक बन जाए, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, संविधान के खिलाफ बोले, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, पुलिस के खिलाफ बोले, हमने कभी ऐसा देखा नहीं था।"
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में सरकार और सरकारी तंत्र मां, माटी तथा मानुष की रक्षा करने में विफल हो, वहां ऐसी सरकार का कोई काम नहीं है। जनता ने उन्हें आराम देने का निश्चय कर लिया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनना तय है।