सूरत : सिरफिरे युवक ने पेट्रोल पंप पर जलती दियासलाई फैंक दी!

सूरत : सिरफिरे युवक ने पेट्रोल पंप पर जलती दियासलाई फैंक दी!

पेट्रोल पंप कर्मी के साथ बहस होने पर गुस्साए युवक की करतूत, घटना के बाद बाइक पर फरार

शहर के पांडेसरा इलाके में असामाजिक तत्वों का आतंक मचाने का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।  नायरा पेट्रोल पंप पर जलती माचिस की तिली  फेंककर  पेट्रोल पंप में आग लगाने का प्रयास किया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक पेट्रोल पंप कर्मचारी को भी पीटा गया।  पंप कर्मचारी ने हाथ जोड़कर कहा- हम मर जाएंगे, बावजूद इसके दो आरोपियों ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर पेट्रोल पंप पर जलती हुई माचिस की तिली  फेंक कर पंप को जलाने की कोशिश की। 
पांडेसरा पुलिस ने कहा कि घटना भेस्तान-नवसारी मार्ग पर नायरा कंपनी के एक पेट्रोल पंप पर हुई। शनिवार तड़के हुई इस घटना में अपनी बाइक में ईंधन भरने आया आरोपी  एक पंप कर्मचारी के साथ मारपीट कर पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश करता नजर आया। घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पांडेसरा पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
पांडेसरा पीआई ए.पी. चौधरी ने कहा कि फिलहाल ईंधन भरने को लेकर झगड़ा होता दिख रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों  की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कोविड रिपोर्ट आने के बाद गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जाएगी।
पंप मालिक दिलीप विक्रमभाई पटेल ने बताया कि घटना शनिवार सुबह की है। मैनेजर सोपन का फोन आया और बताया कि  बाइक पर सवार दो अज्ञात आरोपी के साथ कहासुनी व मारपीट कर पंप जलाने की धमकी देकर चले गये। पंप को चालू हुए छह माह हो चुके हैं। किसी से कोई विवाद नहीं था। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच की जा रही है।
सीसीटीवी वीडियो के मुताबिक, बाइक में दो व्यक्ति ईंधन भराने के लिए आते हैं। पेट्रोल पंप कर्मचारी पेट्रोल भरता है। इसी बीच एक व्यक्ति मोबाइल की फ्लैश लाइट के जरिए बाइक के पेट्रोल टैंक को देखता है। जिससे पंप का अन्य कर्मचारी आ जाता है और दोनों हाथ जोड़कर कहता है कि हम कर्मचारी हैं मर जाएंगे। हालांकि, उत्तेजित आरोपियों ने माचिस की तिली  जलाकर पेट्रोल पंप मशीन पर फेंक दिया। इसके बाद पंप कर्मियों द्वारा आरोपियों को मनाने की कोशिश की। हालांकि दोनों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की। इसके बाद  दोनों अपनी बाइक से चले जाते हैं।
Tags: