सूरत : युवक का सेना में भर्ती होने का सपना रहा अधूरा, सडक़ हादसे में हुई मौत

डिंडोली के तीन दोस्त मोपेड सवार होकर जा रहे थे तभी हुआ हादसा

शहर के डिंडोली में रहने वाले आठ-दस दोस्त ओलपाड के फार्म हाउस में छुट्टी मनाने गए थे।  जिसमें से मोपेड पर सवार तीन जन रविवार सुबह भारूडी गांव निकट हादसे का शिकार हुए। इसमें एक जन गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक डिंडोली, नवागाम में स्थित केशवनगर निवासी 20 वर्षीय राजपाल उर्फ बाला जामसिंग गिरासे डिप्लोमा इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था और साथ ही सेना में भर्ती होने के लिए दोस्तों के साथ कड़ी मेहनत कर रहा था। अगले माह में राजपाल आर्मी के भर्ती केम्प में भी जाने वाला था। इस बीच शनिवार को राजपाल सहित आठ-दस दोस्त ओलपाड के ओभला गांव के पास फार्म हाउस में छुट्टी मनाने गए थे। इसके बाद रविवार सुबह घर लौट रहे थे।
राजपाल, मयूर मराठे और संतोष पाटिल नाम तीनों दोस्त एक मोपेड पर सवार थे। इस दौरान चार बजे भारूडी गांव के सीमा में मयूर का स्टियरिंग से नियंत्रण छूट गया और मोपेड खेत में उतर गई। इसमें तीनों घायल होने गए। राजपाल को पैर में गंभीर चोट लगने से स्मीमेर अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई।
दोस्तों का कहना है कि सेना में शामिल होने का इच्छुक राजपाल ने डॉक्टर समक्ष टांका लेने से इंकार किया था। टांका लेने से आर्मी में भर्ती नहीं हो पाउंगा ऐसा कहकर इंकार कर दिया था और ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। ओलपाड पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
Tags: