
गुजरात : भाजपा नेता अल्पेश ठाकोर ने ठोकी ताल, कहा - भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतेगी!
By Loktej
On
कांग्रेस को बिना जनाधार वाली पार्टी बताया, कहा इसीलिये आम आदमी पार्टी की प्रदेश में चर्चा होने लगी
भारतीय जनता पार्टी के नेता और गांधीनगर दक्षिण से आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी अल्पेश ठाकोर ने आज अपना पर्चा भरा। इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे। अल्पेश ठाकोर ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अपना जनाधार खो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 150 से अधिक सीटों पर विजयी होगी।
गांधीनगर (गुजरात): भाजपा नेता अल्पेश ठाकोर ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद रहे। pic.twitter.com/7JQD0BtYZO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 17, 2022
आपको बता दें कि कांग्रेस के जनाधार पर टिप्पणी करने वाले अल्पेश ठाकोर खुद 2019 से पहले कांग्रेस में थे और पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थामा था। 2017 में वे कांग्रेस के बैनर तले राधनपुर से विधानसभा चुनाव जीते थे, लेकिन उसके बाद 2019 के उपचुनाव में वे भाजपा के टिकट पर लड़े और हार गये थे। इस बार भाजपा ने उन्हें गांधीनगर दक्षिण से मैदान में उतारा है।
अल्पेश ठाकोर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव उनके लिये चुनौती नहीं है। यहां पहले भी कलम खिल चुका है आर आगे भी खिलेगा। उनकी पार्टी 150 से अधिक सीटें जीतेगी। गांधीनगर और अहमदाबाद में भी भाजपा विजयी होगी।
अल्पेश ठाकोर ने इस चर्चा को खारिज कर दिया कि इस बार कांग्रेस पार्टी गुपचुप ढंग से काम कर रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस का प्रदेश में आधार ही नहीं है, उसके नेता आपस में लड़ रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश के राजनीतिक हलकों में आम आदमी पार्टी की चर्चा होने लग है। कांग्रेस कहीं नहीं है और हथियार डाल चुकी है।