
गुजरात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पाटिल का तंज; कांग्रेस में सब नेता, कार्यकता हैं ही नहीं!
By Loktej
On
गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल इन दिनों राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर अपने संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव की पूर्व तैयारी का ही ये एक हिस्सा है। उनकी इस यात्रा के दौरान जगह-जगह उनके स्वागत में समारोहों का आयोजन किया जा रहा है।
जामनगर में आयोजित एक ऐसे ही कार्यकर्ता स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सी आर पाटिल ने प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पर तंज कसे। पाटिल ने कहा कि वर्षों से भाजपा की चुनाव में जीत का श्रेय पेज कमिटी की रणनीति को जाता है। इस रणनीति की कामयाबी की भनक कांग्रेस को लगने पर वे भी इस बात का पता लगा रहे हैं कि आखिर ये बनती कैसे है। लेकिन उन्हें ज्ञात नहीं कि पेज कमिटी बनाने के लिये पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज चाहिये। जबकि कांग्रेस में तो सब ही नेता हैं। कार्यकर्ता हैं ही नहीं।
विरोधी दल पर निशाना तानने के साथ-साथ पाटिल ने अपने दल के नेताओं और विधायकों को भी इशारों-इशारों में सीख दे डाली कि कार्यकर्ताओं के साथ सबको सही बर्ताव करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कभी-कभी विधायक बनने के बाद नेता लोग हवा में उड़ने लगते हैं और अपने कार्यकर्ताओं को अपमानित करते हैं। लेकिन ये बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
हालांकि पाटिल ने इस बात की सराहना भी की कि प्रदेश में पिछले दिनों नये सिरे से सरकार के गठन के बाबिने मंत्रियों का कार्यकर्ताओं के प्रति सकारात्मक रूझान का अच्छा परिणाम मिल रहा है।