मानसून की सक्रियता से उत्तर भारत में राहत, यूपी, बिहार और दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
नई दिल्ली, 23 जून (वेब वार्ता)। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के कई अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 48 घंटों में तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बिहार के शेष क्षेत्रों में मानसून के दस्तक देने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से इन राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
मानसून की सक्रियता के साथ ही बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 40 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजधानी और राज्यों का हाल
दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और लखनऊ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, हालांकि कुछ पूर्वी हिस्सों में उमस बनी रह सकती है। बिहार में अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
