राजकुमार हिरानी की फिल्मों में विलेन नहीं, हालात होते हैं असली खलनायक : विक्रांत मैसी

राजकुमार हिरानी की फिल्मों में विलेन नहीं, हालात होते हैं असली खलनायक : विक्रांत मैसी

मुंबई, 23 जून (वेब वार्ता)। बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा है कि फिल्मकार राजकुमार हिरानी की फिल्मों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उनमें विलेन कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि परिस्थितियां होती हैं। जिओहॉटस्टार पर 03 जुलाई को प्रीमियर होने जा रही साइबरक्राइम कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘प्रीतम और पेड्रो’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है।

राजकुमार हिरानी के साथ मिलकर बनाई गई इस सीरीज़ में रहस्य, हास्य और भावनाओं का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। कहानी एक ऐसी अनोखी जोड़ी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कई दिलचस्प साइबर अपराध मामलों के बीच अपनी यात्रा तय करती है।

सीरीज़ में काम करने के अनुभव को साझा करते हुए विक्रांत मैसी ने कहा, “राजकुमार हिरानी की फिल्मों में विलेन कभी इंसान नहीं होता, बल्कि हमेशा हालात होते हैं। उनकी फिल्मों में विलेन से आप कभी सच में नफ़रत नहीं कर सकते।”

विक्रांत मैसी ने कहा कि लोग जन्म से बुरे नहीं होते, बल्कि जीवन की चुनौतियां, परिस्थितियां और बेबसी के क्षण उन्हें ऐसे फैसले लेने पर मजबूर कर देते हैं, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होती। यही मानवीय दृष्टिकोण राजकुमार हिरानी की फिल्मों को खास बनाता है और दर्शकों को पात्रों से भावनात्मक रूप से जोड़ता है।

विक्रांत मैसी की यह टिप्पणी हिरानी की कहानी कहने की शैली को भी रेखांकित करती है, जिसमें इंसानियत हमेशा केंद्र में रहती है। उनकी फिल्मों में पात्र पूरी तरह अच्छे या बुरे नहीं होते, बल्कि परिस्थितियों से जूझते आम इंसान होते हैं। यही वजह है कि उनकी कहानियां दर्शकों के दिलों को छू जाती हैं।

‘प्रीतम और पेड्रो’ के प्रीमियर के साथ दर्शकों को रहस्य, हास्य और भावनाओं से भरपूर एक नया अनुभव मिलने वाला है। सीरीज़ का रहस्य 03 जुलाई को खुलेगा और यह विशेष रूप से जिओहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

Tags: Bollywood