तारीफ खूब, कमाई कम! वीकेंड के बाद धीमी पड़ी बंदर की रफ्तार, जानें कलेक्शन रिपोर्ट
मुंबई, 09 जून (वेब वार्ता)। बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ पहले सोमवार को बॉक्स ऑफिस की चुनौति में पिछड़ गई है। रिलीजिंग के चौथे दिन फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आई है।
बॉक्स ऑफिस पर बीते शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘बंदर’ को लेकर दर्शकों और समीक्षकों के बीच काफी पॉजिटिव माहौल देखा जा रहा था।
निर्देशक अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी और बॉबी देओल स्टारर इस फिल्म को हर तरफ से बेहतरीन रिव्यूज मिल रहे थे। फिल्म में मेन कलाकार की दमदार एक्टिंग और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस की चारों ओर सराहना हो रही थी।
लेकिन जब बात बॉक्स ऑफिस पर कमाई की आई, तो यह फिल्म उम्मीद के मुताबिक कमाल दिखाने में पिछड़ी साबित हो रही है। अच्छे रिव्यूज के दम पर फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में तो जैसे-तैसे अपनी कमाई कर ली, पर जैसे ही रिलीजिंग डे का पहला सोमवार आया, इसकी असली चुनौति शुरू हो गई जिसमें यह पिछड़ती हुई नजर आ रही है।
मंडे को सुस्त पड़ी फिल्म की रफ्तार
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार के शुरू होते ही इस फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट देखी गई है। रविवार को जहां फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं रिलीजिंग के 4 दिन यानी सोमवार को इसकी कमाई लाखों में सिमटकर रह गई।
पहले सोमवार को फिल्म महज 30 लाख रुपये का ही कलेक्शन कर पाई। फिल्म इंडस्ट्री में मंडे टेस्ट को किसी भी फिल्म की लंबी उम्र के लिए सबसे जरूरी माना जाता है, और जिस तरह से फिल्म बंदर का ग्राफ नीचे गिरा है, उसने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है।
25 करोड़ के बजट के सामने कमजोर दिखी शुरुआत
फिल्म ‘बंदर’ की अब तक की कुल कमाई को देखा जाए तो स्थिति काफी कमजोर नजर आती है।खबरों के मुताबिक इस फिल्म को बनाने में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आई है।
फिल्म ने पहले दिन 50 लाख, दूसरे दिन 95 लाख, तीसरे दिन 1 करोड़ और चौथे दिन 30 लाख रुपये का कारोबार हुआ है। इस तरह घरेलू बाजार में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब तक केवल 2.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 3.30 करोड़ रुपये के आसपास ही पहुंच पाया है।
मजबूत स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म की धीमी रफ्तार
फिल्म ‘बंदर’ में कलाकारों की कोई कमी नहीं थी। निर्देशक अनुराग कश्यप के निर्देशन में सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, राज बी शेट्टी और जितेंद्र जोशी जैसे मंझे हुए सितारों ने अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया है।
इतने सारे बड़े और प्रतिभाशाली चेहरों के होने के बावजूद फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर इस तरह घुटने टेक देना मेकर्स के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया है।
