पीएम मोदी की फ्रांस और स्लोवाकिया की सफल यात्रा संपन्न
द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मिली नई मजबूती
नई दिल्ली, 19 जून (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी सफल आधिकारिक यात्रा पूरी कर आज नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। फ्रांस दौरे के दौरान उन्होंने जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
उन्होंने पेरिस में टेक्नोलॉजी फोरम ‘वीवाटेक 2026’ को संबोधित करते हुए भारत की डिजिटल क्षमता और एआई के समावेशी स्वरूप पर विशेष जोर दिया।
स्लोवाकिया के साथ ऐतिहासिक साझेदारी अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया का पहला आधिकारिक दौरा भी किया, जिसे उन्होंने
अत्यंत ‘ऐतिहासिक और फायदेमंद’ बताया।
दोनों देशों के बीच संबंधों को एक बड़ी रणनीतिक पार्टनरशिप में बदलते हुए माइग्रेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और डिफेंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 11 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी दोनों देशों के युवाओं के लिए व्यापारिक और भविष्य की संभावनाओं के नए द्वार खोलेगी।
भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका
जी-7 समिट के दौरान पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की सहित कई प्रमुख विश्व नेताओं से मुलाकात की। ट्रंप के साथ चर्चा में उन्होंने नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
अपनी यात्रा के समापन पर पीएम मोदी ने भारत को दुनिया के लिए एक ‘भरोसेमंद पार्टनर’ करार देते हुए आपसी सहयोग और भविष्य की विकास योजनाओं पर संतोष व्यक्त किया।
