श्रीलंका ने दर्ज की अपनी पहली जीत

श्रीलंका ने दर्ज की अपनी पहली जीत

साउथम्पटन, 17 जून (वेब वार्ता)। नीलाक्षिका डिसिल्वा (नाबाद 54) के शानदार अर्धशतक से श्रीलंका ने न्यूज़ीलैंड को मंगलवार को पांच विकेट से हराकर महिला टी 20 विश्व कप के ग्रुप बी में अपनी पहली जीत दर्ज की जबकि न्यूज़ीलैंड को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।

न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 150 रन बनाये। श्रीलंका ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 153 रन बनाकर जीत अपने नाम की। नीलाक्षिका डिसिल्वा ने 37 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 54 रन की मैच विजई पारी खेली।

नीलाक्षिका डिसिल्वा को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। उन्होंने श्रीलंका को चार विकेट पर 55 रन की नाजुक स्थिति से उबारा और जीत की मंजिल पर पहुंचाया।

उन्होंने कविशा दिल्हारी (17) के साथ पांचवें विकेट के लिए 50 रन जोड़े। नीलाक्षिका डिसिल्वा ने फिर कौशिनी नुत्यांगना (नाबाद 24) के साथ छठे विकेट के लिए 48 रन की मैच विजई अविजित साझेदारी की।