विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने वालीं 5 भारतीय खिलाड़ी

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने वालीं 5 भारतीय खिलाड़ी

नई दिल्ली, 07 जून (वेब वार्ता)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 9 संस्करण खेले जा चुके हैं। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने सर्वाधिक 6 ट्रॉफी अपने नाम कीं, जबकि इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड ने 1-1 बार खिताब जीता। आइए, टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने वाली 5 भारतीय महिला खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।

हरमनप्रीत कौर: भारतीय कप्तान ने वर्ल्ड कप के साथ अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक हरमनप्रीत टी20 वर्ल्ड कप के सभी संस्करणों में भारतीय टीम का प्रमुख हिस्सा रही हैं।

कौर ने अब तक 39 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं, जिसमें 25.03 की औसत के साथ 726 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 4 अर्धशतक निकले। कौर इस लिस्ट में संयुक्त रूप से ‘नंबर-1’ पायदान पर हैं। उनके पास इस विश्व कप में 1,000 रन का आंकड़ा छूने का शानदार मौका होगा।

मिताली राज: हरमनप्रीत कौर की बराबरी पर मिताली राज हैं, जिन्होंने 24 मुकाबलों में 40.33 की औसत के साथ 726 रन बनाए हैं। इस दौरान मिताली के बल्ले से 5 अर्धशतक भी निकले। मिताली ने टी20 वर्ल्ड कप में 1 छक्का और 79 चौके लगाए हैं।

स्मृति मंधाना: साल 2014 से अब तक इस दिग्गज महिला बल्लेबाज ने 25 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं, जिसमें 21.83 की औसत के साथ 524 रन बनाए। इस दौरान मंधाना ने 4 अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं। वर्ल्ड कप में मंधाना 11 छक्के और 65 चौके लगा चुकी हैं।

जेमिमा रोड्रिगेज: दाएं हाथ की बल्लेबाज ने साल 2018 से 2024 के बीच टी20 वर्ल्ड कप के 19 मुकाबलों में अब तक 23.94 की औसत के साथ 407 रन बनाए हैं। इस दौरान रोड्रिगेज के बल्ले से 4 शतक निकले।

पूनम राउत: साल 2009 से 2014 के बीच इस खिलाड़ी ने 15 मुकाबलों में 31.25 की औसत के साथ 375 रन बनाए हैं। इस दौरान 3 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल रहीं।