सूरत : सिंगनपोर में मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़, दो दोस्तों की हत्या
पान की दुकान पर हुए झगड़े के बाद चाकूबाजी; दो आरोपियों की गिरफ्तारी, दो की तलाश जारी
सूरत। शहर के सिंगनपोर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो युवकों की चाकू के हमले में मौत हो गई। इस सनसनीखेज डबल मर्डर के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, लिंबायत के संजयनगर निवासी 30 वर्षीय हर्षल अधिकारीभाई पाटिल और वेड रोड स्थित बापासीताराम चौक निवासी 25 वर्षीय भटू वनराजभाई माली अपने कुछ दोस्तों के साथ शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे डभोली गांव के पास बजरंगनगर क्षेत्र में मावा खाने पहुंचे थे। वहां बंद पान की दुकान खुलवाने को लेकर उनकी दुकान संचालक और वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान हर्षल और भटु कथित रूप से चाकू लेकर लौटे। पान की दुकान के भीतर कैरम खेल रहे चार युवक भी झगड़े में शामिल हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों युवकों से चाकू छीनकर उन्हीं पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में हर्षल पाटिल की पीठ पर और भटू माली के पेट पर गंभीर वार किए गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर दोनों घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर चोटों के कारण हर्षल पाटिल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि भटू माली ने भी रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
मृतक हर्षल पाटिल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और पिता के साथ ड्राइविंग तथा पार्सल परिवहन का कार्य कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालता था।
वहीं भटू माली अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र था। परिवार में उसके बड़े भाई और दो बहनें हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि सिंगनपोर पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कवचड़ और पिंकस वालेकर को गिरफ्तार कर लिया है। पिंकस वालेकर भी झड़प के दौरान घायल हुआ था और उसका उपचार पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मामले में शामिल तेजस कल्लू और अक्षय मोरे को वांछित घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे केवल तत्कालिक विवाद था या कोई पुरानी रंजिश भी शामिल थी, इसकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक दोनों युवकों के खिलाफ पूर्व में मारपीट समेत कुछ आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
