सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर लघु उद्योग भारती ने किया वृक्षारोपण

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जन्मदिन और स्मृति दिवस पर एक वृक्ष लगाने का लिया संकल्प

सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर लघु उद्योग भारती ने किया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती, सूरत द्वारा अध्यक्ष रामावतार पारीक के नेतृत्व में रुंगटा ग्रीन होम सोसाइटी के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज को हरित भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।

लघु उद्योग भारती के संयुक्त सचिव पंकज शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच परिवर्तन अभियान के पांच प्रमुख सूत्रों में पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि संघ परिवार से संबद्ध उद्यमियों एवं व्यवसायिक बंधुओं की संस्था होने के नाते लघु उद्योग भारती पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ एक नन्ही बालिका के करकमलों द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा परिजनों की स्मृति में प्रतिवर्ष कम से कम एक वृक्ष लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान लघु उद्योग भारती, सूरत के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में भी एक पौधा रोपित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का साधन नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में बजरंग सोनी, मूलाराम छाजेड़, पूनमचंद जैन, रमेशचंद्र शर्मा, तंसुखलाल राठी, दिनेशभाई यादव, रमेश चावड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। रुंगटा ग्रीन होम सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Tags: Surat