सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर निकली जागरूकता रैली, पौधारोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश
भारत विकास परिषद, सूरत मेन एवं सरस्वती महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, सूरत मेन एवं सरस्वती महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 5 जून 2026 को पर्यावरण जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।
आयोजित रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं परिषद के सदस्यों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रदूषण नियंत्रण, वृक्षों के महत्व तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
परिषद के अध्यक्ष भावेश ओझा ने उपस्थितजनों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।
मीडिया कन्वीनर विनय केजरीवाल ने बताया कि कार्यक्रम की थीम “एक पेड़ माँ के नाम, एक संकल्प पर्यावरण के नाम” रही। कार्यक्रम में दक्षिण गुजरात प्रांत के उपाध्यक्ष दिलीपभाई चश्मावाला, जिला संयोजक विपुलभाई जरीवाला, किरीट पंड्या, श्रीनिवास सुत्रावे, दीपक डालमिया, राजेश माहेश्वरी, विकास भंडारी, राजू पांडे, राजू बोहरा एवं वीरेंद्र शारदा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की पर्यावरण संयोजक योगिता शारदा ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। उपस्थित सदस्यों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
