सूरत : भव्य रूप से मनाया जाएगा महेश नवमी महोत्सव, तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

सुनील बाहेती और सतीश कोठारी बने मुख्य संयोजक, 14 से 28 जून तक होंगे खेल, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों के विविध आयोजन

सूरत : भव्य रूप से मनाया जाएगा महेश नवमी महोत्सव, तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज एवं सचिव अतिन बाहेती के नेतृत्व में आयोजित बैठक में माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी (23 जून) को भव्य, ऐतिहासिक एवं जनभागीदारी के साथ मनाने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से सुनील बाहेती एवं सतीश कोठारी को महेश नवमी महोत्सव-2026 का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया।

सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी एवं महेश पुंगलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत 14 जून से 28 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन, सामाजिक गतिविधियां तथा समाज सेवा के उद्देश्य से दो दिवसीय मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में सूरत की विभिन्न क्षेत्रीय माहेश्वरी सभाओं तथा समाज की अनेक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

पदाधिकारियों ने कहा कि महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष महोत्सव को अधिक व्यापक, भव्य एवं जनहितकारी स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लिया गया है, ताकि समाज के प्रत्येक परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि महेश नवमी महोत्सव-2026 के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे समाज में एकता एवं सहयोग की परंपरा को नई मजबूती मिल सके।

Tags: Surat